विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 06, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Sambhal News: जुमे की नमाज को लेकर संभल में अलर्ट, सांसद के खिलाफ जांच शुरू; पुलिस काे फिर मिले खाेखा और कारतूस

Published: Fri, 06 Dec 2024 07:09 AM (IST)

Sambhal News संभल में जुमे की नमाज को लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है। 30 मजिस्ट्रेट तैनात किए गए ...और पढ़ें

Sambhal News: नाली में मिले कारतूस की छानबीन करती टीम। फाइल फोटो।
Sambhal News: नाली में मिले कारतूस की छानबीन करती टीम। फाइल फोटो।

HighLights

  1. संभल में और मिले तीन खोखे व एक मिसफायर
  2. बैलिस्टिक एक्सपर्ट को भेजे कारतूस

जागरण संवाददाता, संभल। जामा मस्जिद के पास स्थित कब्रिस्तान में सर्च कर रही पुलिस टीम को गुरुवार को तीन खोखे और एक मिसफायर (चलाने के बाद भी फायर न होना) कारतूस मिला है। इनमें दो खोखे 7.65 एमएम के और एक 12 बोर के हैं। 7.65 एमएम और 12 बोर के खोखे पर यूएस मेड लिखा है। 12 बोर का एक मिस फायर है।

इससे पहले तीन दिसंबर को एक पाकिस्तानी खोखा और पांच कारतूस (मिसफायर समेत) मिले थे। हिंसा में विदेशी कारतूस का इस्तेमाल होने से जिला पुलिस केंद्रीय जांच एजेंसियों से भी संपर्क करने की तैयारी कर रही है।

बैलेस्टिक एक्सपर्ट के पास भेजा गया

एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई का कहना है कि खोखे व कारतूस को बैलेस्टिक एक्सपर्ट के पास भेजा गया है। उनकी रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। 7.65 एमएम वाले कारतूस देश में प्रतिबंधित हैं। विदेशी कनेक्शन को भी देखा जा रहा है। मुख्यालय से समन्वय स्थापित कर राष्ट्रीय जांच एजेंसी को भी अवगत कराया जाएगा। संभव है पूरे मामले में कोई बड़ी साजिश पर्दे के पीछे से हो रही हो।

जामा मस्जिद के मंदिर होने का वाद दायर होने पर सर्वे का आदेश दिया

सिविल जज (सीनियर डिवीजन) की कोर्ट ने 19 नवंबर को जामा मस्जिद के मंदिर होने का वाद दायर होने पर सर्वे का आदेश दिया। पहली बार उसी दिन एडवोकेट कमिश्नर रमेश राघव ने वीडियो ग्राफी कराई। इसके बाद 24 नवंबर को दूसरी बार वीडियोग्राफी कराने के दौरान हिंसा हो गई। पथराव और फायरिंग में चार लोगों की मृत्यु हो गई। 30 से अधिक पुलिस अधिकारी घायल हो गए।

पुलिस कर रही है तलाश

मंगलवार को जामा मस्जिद के पास नाले और झाड़ियों में तलाशी के दौरान पुलिस को छह कारतूस व खोखे मिले थे। इनमें एक खोखे पर पीओएफ (पाकिस्तान आर्डिनेंस फैक्ट्री) लिखा है। यह नाइन एमएम का है। .32 बोर के कारतूस पर मेड इन यूएसए लिखा होने से उसे अमेरिका का माना जा रहा है। यह मिस फायर (चलाने के बाद भी फायर न होना) है। एफएन स्टार लिखे तीसरे कारतूस की फारेंसिक टीम जांच कर रही है। इसके अलावा तीन कारतूस (दो 12 और एक .32 बोर) देसी मिले थे।

जुमे की नमाज को लेकर अलर्ट, 30 मजिस्ट्रेट की तैनाती

जुमे की नमाज को लेकर संभल में सतर्कता बरती जा रही है। 30 अधिकारियों को मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात किया गया है। गुरुवार को डीएम डा. राजेंद्र पैंसिया ने प्रमुख लोगों और धर्म गुरुओं के साथ बैठक कर कहा कि नमाज के दौरान जामा मस्जिद पर भीड़ एकत्र न हो। एसपी कृष्ण कुमार ने भी लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की। इधर, डीआइजी मुनिराज जी की अगुआई में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने पुलिस-पीएसी के साथ शहर में पैदल मार्च किया।

सांसद के खिलाफ जांच शुरू

23 जून, 2024 को एक गांव में कार से टकराकर ग्रामीण गौरव की मृत्यु होने के मामले में एएसपी श्रीशचंद ने जांच शुरू कर दी है। उन्होंने शिकायतकर्ता गौरव के पिता समरपाल सिंह से हादसे से जुड़े साक्ष्य मांगे हैं। साथ ही चार्जशीट को न्यायालय से वापस मंगाने की भी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले में पुलिस ने फहद को चालक बताकर जेल भेजा था।

ये भी पढ़ेंः कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर की बढ़ी मुश्किलें, आगरा में दायर किया गया मानहानि का मुकदमा; पढ़ें पूरा मामला

ये भी पढ़ेंः क्या है AAP की रणनीति? दिल्ली चुनाव से पहले तैयार किया मास्टर प्लान; पढ़ें पूरी डिटेल्स

समरपाल सिंह ने एसपी को पत्र सौंपकर बताया

बुधवार को समरपाल सिंह ने एसपी को पत्र सौंपकर बताया था कि हादसे वाले दिन कार सपा सांसद जियाउर्रहमान चला रहे थे। कार में उनकी बहन भी बैठी थीं। हादसे के बाद वह चले गए। पुलिस ने मिलीभगत कर दूसरे व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने बताया कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।