5 साल का लंबा इंतजार खत्म! 30 जनवरी से फिर दौड़ेगी बरेली-बांदीकुई पैसेंजर; चेक करें अपनी स्टेशन की टाइमिंग
रेलवे ने कोरोना काल में बंद हुई बरेली-बांदीकुई पैसेंजर ट्रेन को 30 जनवरी से फिर से चलाने का फैसला किया है। पांच साल बाद शुरू हो रही यह ट्रेन यात्रियों ...और पढ़ें

बरेली-बांदीकुई पैसेंजर
HighLights
कोरोना काल में बंद हुई थी ट्रेन, व्यापारी ट्रेन के संचालन की कर रहे थे मांग
संवाद सहयोगी, जागरण, चंदौसी। रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। रेलवे ने कोरोना काल में बंद हुई बरेली-बांदीकुई पैसेंजर के पुन: संचालन का निर्णय लिया है। ये ट्रेन 30 जनवरी से बरेली और बांदीकुई के बीच संचालित होगी। इसको लेकर रेलवे ने तैयारी कर ली है। साथ ही ट्रेन के संचालन के लिए समय सारिणी भी जारी की गई है।
पैसेंजर के पुन: संचालन से लोगों को काफी राहत मिलेगी। बहुत समय से विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग बरेली-बांदीकुई पैसेंजर के चलाने की मांग कर रहे थे। चंदौसी रेलवे स्टेशन अधीक्षक राजू कुमार ने बताया कि बरेली-बांदीकुई पैसेंजर (54356) का संचालन 30 जनवरी को बरेली जंक्शन से शुरू किया जाएगा जबकि 31 जनवरी को बांदीकुई जंक्शन से होगा।
ये ट्रेन चंदौसी जंक्शन पर करीब एक घंटे तक रुकेगी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक दिन ये ट्रेन बरेली से रात 9.05 नौ बजे चलकर 11:30 बजे चंदौसी पहुंचेगी। यहां से बहजोई, बबराला, धनारी, पाठकपुर, डिवाई, अतरौली, हरदुआगंज, अलीगढ़ होते हुए हाथरस जंक्शन पहुंचेगी। इसके बाद आगे यह ट्रेन आगरा फोर्ट, अछनेरा, भरतपुर होते हुए सुबह 9.50 बजे बांदीकुई जंक्शन पहुंचेगी।
इसी तरह वापसी में ये ट्रेन बांदीकुई जंक्शन से दोपहर 02.45 बजे चलकर पुन: उसी रूट से राजघाट, बबराला, बहजोई होते हुए रात 02.25 बजे चंदौसी पहुंचेगी। इसके बाद आगे का रूट तय कर सुबह 06.20 बजे बरेली जंक्शन पहुंचेगी। बरेली से लेकर बांदीकुई तक ये ट्रेन करीब 418 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इस रूट पर करीब 55 स्टेशनों पर ट्रेन का ठहराव निर्धारित किया गया है। शुरुआत में ट्रेन में 12 कोच रहेंगे। रेलवे ने ट्रेन के संचालन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं।
खबरें और भी
व्यापारियों ने जताई खुशी
बरेली-बांदीकुई पैसेंजर ट्रेन का संचालन कोरोना काल में बंद हुआ था, जिसे करीब पांच साल हो चुके हैं। इस बीच व्यापारियों ने कई बार जनप्रतिनिधियों और रेलवे के अधिकारियों को ज्ञापन देकर ट्रेन के पुन: संचालन की मांग की। आखिरकार व्यापारियों की मांग का रेलवे ने संज्ञान लिया और पुन: बरेली-बांदीकुई के बीच ट्रेन संचालन का निर्णय लिया।
सब कुछ सही रहा तो 30 जनवरी को ट्रेन पुन: उसी रूट पर दौड़ेगी। जिससे लोगों को काफी राहत मिलेगी। व्यापारियों ने रेलवे के इस निर्णय की सराहना की है। व्यापारी अनुज चौधरी, शुभम अग्रवाल ने बताया कि बहुत से व्यापारियों का व्यापार के सिलसिले में हाथरस, आगरा जाना होता है। ऐसे में उन्हें काफी सहूलियत मिलेगी। मेहंदीपुर बालाजी दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को भी काफी राहत मिलेगी।