संभल से CM योगी फूंकेंगे 2027 का बिगुल! 346 दिन में दूसरी बार आ रहे यूपी के मुखिया; जानिए क्या है 24 कोसीय परिक्रमा का 'मास्टर प्लान'
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संभल में 346 दिन में दूसरी बार आ रहे हैं, जहां वे 24 कोसीय परिक्रमा मॉडल के जरिए हिंदुत्व को धार देंगे और 2027 विधानसभा चुन ...और पढ़ें

संभल में चौबीस कोसीय तीर्थ परिक्रमा करते श्रद्धालु। जागरण आर्काइव
HighLights
पसीना बहाने में जुटा भाजपा संगठन, सरकारी मशीनरी भी कर रही तैयारियां
जागरण संवाददाता, संभल। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 346 दिन में दूसरी बार जिले में आ रहे हैं। इससे पहले वह सात अगस्त 2025 को जिला मुख्यालय की नींव रखने के लिए पहुंचे थे लेकिन, इस बार वह न सिर्फ 24 कोसीय परिक्रमा माॅडल के जरिये हिंदुत्व को धार देंगे बल्कि 2027 के विधानसभा चुनाव का बिगुल भी फूंकेंगे। यही वजह है कि भाजपा संगठन के पदाधिकारी भी कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पसीना बहाने में जुट गए हैं।
उधर, सरकारी मशीनरी ने भी तैयारियों युद्ध स्तर पर शुरू कर कर दी हैं। आज सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। दरअसल, संभल की ऐतिहासिक और पौराणिक पहचान को विश्व पटल पर लाने के लिए सरकार खजाना खोल रही है।
सबसे बड़ी और अहम 300.110 करोड़ रुपये की परियोजना के तहत 24 कोसीय वंशगोपाल तीर्थ परिक्रमा मार्ग का नवनिर्माण, चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। संभल में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सम्भलेश्वर महातीर्थ (4.500 करोड़), सूर्यकुण्ड तीर्थ (4.324 करोड़), भुवनेश्वर लिंग महातीर्थ (4.770 करोड़) और श्री कल्कि विष्णु मंदिर में अवस्थापना सुविधाओं का सघन विकास किया जाएगा।
इससे न सिर्फ श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के बड़े अवसर भी पैदा होंगे। इतना ही नहीं वार्ड 6 हल्लू सराय में अवस्थित यमतीर्थ स्थल का 1.180 करोड़ रुपये की लागत से कायाकल्प किया गया है। इसमें संपर्क मार्ग, वाटर किओस्क, घाट, कुण्ड का सौंदर्यीकरण और प्रकाश व्यवस्था का कार्य शामिल है।
खबरें और भी
इसके अलावा जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए दुर्गा कॉलोनी में ''पंचाग्नि कूप'' और कोट पूर्वी में ''प्राचीन ऋषिकेश कूप'' की खुदाई, मरम्मत और सौंदर्यीकरण का कार्य पूरा कर लिया है, जिसे जनता को समर्पित किया जाएगा। आस्था से जुड़े इन्हीं सब कार्यों के जरिये योगी आदित्यनाथ संभल विधानसभा को भी साधेंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष हरेंद्र सिंह उर्फ रिंकू ने बताया कि 25 हजार लोगों का इंतजाम हो रहा है।
स्वास्थ्य सुविधाओं और परिवहन को मिलेगी नई रफ्तार
आम जनता को बेहतर और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मुख्यालय बहजोई में 63.250 करोड़ रुपये की भारी लागत से 100 शैय्या (बेड) वाले जिला चिकित्सालय के भवन का निर्माण शुरू होने जा रहा है। यह जिले के स्वास्थ्य ढांचे के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा।
वहीं, परिवहन व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए चंदौसी तहसील में 5.546 करोड़ रुपये से एक नवीन बस स्टेशन का शिलान्यास किया जाएगा। जिले की यातायात सुविधाओं को और सुदृढ़ करने के लिए 13.890 करोड़ रुपये की लागत से संभल में यूपीएसआरटीसी डिपो कार्यशाला का भी नवनिर्माण किया जाना है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने 24 कोसीय परिक्रमा का माडल रखा जाएगा। क्योंकि संभल में यह बड़ी उपलब्धि है। बाकी कार्यक्रम स्थल पर सभी तैयारियां तेजी के साथ चल रही हैं। हां, सात अगस्त 2025 को भी जिला मुख्यालय की नींव रखने के लिए योगी आदित्यनाथ बहजोई आए थे।
- अंकित खंडेलवाल, डीएम, संभल।
यह भी पढ़ें- संभल का 35 बीघा जमीन विवाद: जब उर्दू के पुराने दस्तावेजों ने घुमाया अफसरों का सिर, फेल हुए ट्रांसलेटर भी