गंगा एक्सप्रेसवे का आगाज: संभल में 'लहरावन इंटरचेंज' पर जश्न, अब मेरठ से प्रयागराज का सफर होगा आसान
गंगा एक्सप्रेसवे का प्रधानमंत्री मोदी द्वारा लोकार्पण किया गया, जिसके उपलक्ष्य में संभल के लहरावन इंटरचेंज पर एक जनपदीय कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस अवसर ...और पढ़ें

संभल में गंगा एक्सप्रेसवे। जागरण
HighLights
लहरावन इंटरचेंज पर हुआ जनपदीय कार्यक्रम, मंत्री धर्मवीर प्रजापति रहे मुख्य अतिथि
संवाद सहयोगी, बहजोई (संभल)। मेरठ से प्रयागराज तक 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हरदोई से लोकार्पण किया। इस अवसर पर जनपद संभल के विकासखंड बहजोई क्षेत्र के गांव लहरावन स्थित गंगा एक्सप्रेसवे इंटरचेंज के पास जनपदीय कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण शामिल हुए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री एवं होमगार्ड्स तथा नागरिक सुरक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुआ।
इसके बाद कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय बहजोई की छात्राओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत और जनगणना-2027 विषय पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। सूचना विभाग लखनऊ से आए कलाकारों ने गंगा एक्सप्रेसवे पर आधारित नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया। प्रधानमंत्री के हरदोई कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी उपस्थित लोगों ने देखा और सुना।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व प्रदीप वर्मा, अपर जिलाधिकारी न्यायिक सौरव कुमार पांडेय, उपजिलाधिकारी चंदौसी नीतू रानी, डिप्टी कलेक्टर आशुतोष तिवारी समेत अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
एक्सप्रेसवे से संभल को मिलेगी नई रफ्तार
विधान परिषद सदस्य गोपाल अंजन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से विकास कर रहा है। भाजपा जिलाध्यक्ष हरेंद्र सिंह रिंकू ने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे बनने से संभल जिले की तस्वीर बदलेगी और खिरनी क्षेत्र में औद्योगिक विकास से युवाओं को रोजगार मिलेगा।
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अनामिका यादव ने कहा कि संभल को गंगा एक्सप्रेसवे के रूप में बड़ी सौगात मिली है। इससे जिले को नई पहचान मिलेगी और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
31 गांवों से गुजर रहा एक्सप्रेसवे
जिलाधिकारी डा. राजेंद्र पैंसिया ने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे जनपद संभल में 38.650 किलोमीटर लंबाई में बन रहा है और 31 गांवों से होकर गुजर रहा है। जिले में खिरनी मउद्दीनपुर और लहरावन में दो इंटरचेंज बनाए गए हैं।
खबरें और भी
उन्होंने बताया कि एक्सप्रेसवे से यात्रा समय कम होगा, ईंधन की बचत होगी, सड़क सुरक्षा बढ़ेगी और ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी। साथ ही लॉजिस्टिक हब, कोल्ड स्टोरेज, वेयरहाउस और औद्योगिक इकाइयों की स्थापना से जिले में निवेश बढ़ेगा।
किसानों, व्यापारियों और युवाओं को लाभ
डीएम ने कहा कि किसानों को फल, सब्जी और अनाज बड़े बाजारों तक पहुंचाने में आसानी होगी, जिससे आय बढ़ेगी। 500 हेक्टेयर क्षेत्र में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर विकसित किया जा रहा है, जहां मेंथा, हैंडीक्राफ्ट और खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां स्थापित होंगी। इससे युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलेगा।
जनगणना-2027 को लेकर किया जागरूक
कार्यक्रम के दौरान जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी रत्नेश कुमार ने भारत की जनगणना-2027 के तहत 7 मई से 21 मई तक होने वाली स्वगणना तथा 22 मई से 20 जून तक चलने वाले मकान सूचीकरण एवं गणना अभियान की जानकारी दी।