Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    संभल में 'स्वर्ग' दिखाने के नाम पर बड़ा खेल: महिलाओं को बातों में फंसाकर ऐसे लूटे गहने, पुलिस भी रह गई दंग

    Updated: Wed, 29 Apr 2026 05:31 PM (IST)

    पुलिस ने संभल के बबराला में महिलाओं को 'स्वर्ग दिखाने' का झांसा देकर गहने लूटने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। एक आरोपी असलम गिरफ्तार हुआ है, जबकि ...और पढ़ें

    पुलिस की गिरफ्त में ठगी का आरोपित

    पुलिस की गिरफ्त में ठगी का आरोपित

    HighLights

    1. बातों में उलझाकर महिला से कुंडल-चेन ठगी, एक गिरफ्तार, दो आरोपित फरार

    संवाद सहयोगी, बहजोई (संभल)। टप्पेबाजी की घटनाओं से परेशान बबराला क्षेत्र में पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है जो महिलाओं को आस्था में उलझाकर अर्थात स्वर्ग दिखाने का झांसा देकर उनके जेवर उतरवा लेता था। इस गिरोह के सदस्य राह चलती महिलाओं को रोककर उन्हें स्वर्ग-दर्शन जैसी बातों में उलझाते और विश्वास जीतने के बाद जेवर उतरवाकर पर्स में रखवा लेते थे, फिर मौका देखकर पर्स लेकर फरार हो जाते थे।

    पुलिस ने इस मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके दो साथी अभी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है। बहजोई स्थित कार्यालय पर एक वारदात का पर्दाफाश करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार रावत ने बताया कि थाना बबराला क्षेत्र में 13 अप्रैल को इन्द्रा चौक निवासी अनिल गुप्ता की मां को निशाना बनाकर इसी गिरोह ने वारदात को अंजाम दिया था।

    इसमें महिला पैदल जा रही थी, तभी उनके साथ जेवर लूटने की वारदात हुई। पुलिस के द्वारा की गई जांच में यह उजागर हुआ कि इस दौरान असलम निवासी मलवा अल्लाहबख्शपुर थाना गढ़मुक्तेश्वर जनपद हापुड़ व उसके साथी वारिस उर्फ वरीसुद्दीन उर्फ कोतल निवासी असीलपुर थाना किठौर जनपद मेरठ, मजाहिद उर्फ मुजाहिद उर्फ टोंटा निवासी असीलपुर थाना किठौर जनपद मेरठ ने उसे रोक लिया।

    उन्होंने उसे स्वर्ग दिखाने का झांसा देकर बातों में उलझा लिया। आरोपितों ने महिला से सोने के कुंडल व चेन उतरवाकर पर्स में रखवा दिए और साथ चलते हुए पर्स लेकर फरार हो गए। इसी दौरान तीसरा साथी बाइकलेकर पहुंचा और उस पर बैठकर सभी आरोपित मौके से भाग निकले। जिसका का कुछ अंश सीसीटीवी में दर्ज हुआ।

    खबरें और भी

    घटना के बाद थाना बबराला में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी सहायता ‘यक्ष एप’ के माध्यम से आरोपितों की पहचान की। 29 अप्रैल को पुलिस टीम ने नूरपुर तिराहा से असलम को गिरफ्तार कर लिया, जिसके पास से 20,400 रुपये बरामद हुए जो ठगी के जेवर बेचने से उसके हिस्से में आए थे।

    पूछताछ में उसने पूरे घटनाक्रम का पर्दाफाश किया और बताया कि तीनों आरोपित मिलकर सूनसान स्थानों पर महिलाओं को निशाना बनाते थे। पुलिस के अनुसार वारिस व मजाहिद अभी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाने में पहले से पांच मुकदमे दर्ज हैं, जो चोरी व टप्पेबाजी से संबंधित हैं।

    पुलिस के सामने यह भी चुनौती है कि इस गिरोह के सदस्य बबराला में किस नेटवर्क के जरिए वारदात करने आए, क्योंकि हाल ही में दो दिन पहले एक अन्य महिला से कुंडल लूट की घटना भी सामने आई है, जिसका पर्दाफाश अभी बाकी है। गिरफ्तार आरोपित को न्यायालय में पेश किया गया है और पुलिस पूरे गिरोह के नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।

    यह भी पढ़ें- पौराणिक संभल की वापसी: राजा भागीरथ की विश्राम स्थली और सूर्यकुंड के दिन बहुरेंगे, भेजा करोड़ों का प्रस्ताव