संभल में गंगा एक्सप्रेस-वे के पास बनेगा औद्योगिक गलियारा, 329 हेक्टेयर भूमि खरीद और 640 करोड़ के बजट को मंजूरी
संभल में गंगा एक्सप्रेस-वे के पास 329.78 हेक्टेयर भूमि पर औद्योगिक गलियारे के दूसरे चरण के निर्माण को मंजूरी मिली ...और पढ़ें

गंगा एक्सप्रेसवे
संवाद सहयोगी, बहजोई (संभल)। गंगा एक्सप्रेस-वे परियोजना के समीप औद्योगिक गलियारा परियोजना के द्वितीय चरण के निर्माण के लिए संभल में 329.7885 हेक्टेयर भूमि किसानों से आपसी सहमति के आधार पर खरीदी जाएगी। इसके लिए भूमि खरीद की दर और कुल प्रस्तावित धनराशि के कार्यवृत्त को मंडलायुक्त की ओर से अनुमोदन प्रदान कर दिया गया है।
जिलाधिकारी द्वारा जारी वर्तमान सर्किल रेट सूची, जो एक अगस्त 2025 से प्रभावी है, उसी के अनुसार किसानों से आपसी समझौते के आधार पर खरीदी जाने वाली भूमि का मूल्य 602 करोड़ 14 लाख 58 हजार 720 रुपये निर्धारित किया गया है।
इसके अलावा परिसंपत्तियों का मूल्य दो करोड़ तीन लाख 68 हजार 604 रुपये, स्टांप शुल्क 30 करोड़ 19 लाख 12 हजार 800 रुपये और निबंधन शुल्क छह करोड़ चार लाख 27 हजार 740 रुपये है।
इस तरह भूमि खरीद समेत कुल आगणित धनराशि 640 करोड़ 41 लाख 65 हजार 864 रुपये होगी। जिला स्तर पर मध्यम एवं वृहद परियोजनाओं की समिति की 27 जुलाई 2026 को हुई बैठक के कार्यवृत्त के अनुमोदन का अनुरोध किया गया था, जिसे मंडलायुक्त ने अनुमोदित कर दिया गया है।
