गंगा के जलस्तर ने बढ़ाई धड़कनें: गांवों की गलियों और घरों तक पहुंचा पानी, फसलों पर मंडराया तबाही का खतरा
गंगा का जलस्तर बढ़ने से संभल के गुन्नौर और जुनावई क्षेत्र के गांवों में पानी घुस गया है, जिससे 42 गांवों पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। खेतों में पानी ...और पढ़ें

बबराला घाट पर पक्के घाट की सीढ़ियों तक पहुंचा गंगा जल जागरण
संवाद सूत्र गुन्नौर (संभल)। नरौरा स्थित चौधरी चरण सिंह गंगा बैराज पर गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। शनिवार सुबह जलस्तर में फिर वृद्धि दर्ज की गई। इससे गंगा किनारे के 42 गांवों पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। इतना ही नहीं, गुन्नौर क्षेत्र के गांव इशमपुर डांडा में पानी घुस भी गया है। खेतों में पानी भरने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो जल्द ही गांव के आसपास के क्षेत्रों पर भी इसका असर पड़ सकता है।
सिंचाई विभाग के अनुसार, शुक्रवार शाम चार बजे बैराज का डाउनस्ट्रीम जलस्तर 178.36 मीटर और डिस्चार्ज 1,67,951 क्यूसेक था। अब शनिवार सुबह छह बजे जलस्तर बढ़कर 178.37 मीटर तथा डिस्चार्ज 1,72,721 क्यूसेक दर्ज किया गया। बैराज का खतरे का निशान 178.765 मीटर निर्धारित है।

वर्तमान में जलस्तर खतरे के निशान से महज 39 सेंटीमीटर नीचे बह रहा है। गांव इशमपुर डांडा के किसान अब बाढ़ को लेकर चिंतित नजर आने लगे हैं। खेतों में पानी पहुंचने से धान, बाजरा और अन्य फसलों को नुकसान की आशंका बढ़ गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि अगले कुछ दिनों तक जलस्तर में बढ़ोतरी जारी रही तो खेती के साथ-साथ आवागमन भी प्रभावित हो सकता है। गांव निवासी अरविंद कुमार यादव ने बताया कि बाढ़ का पानी अब गांव से कुछ ही दूरी पर पहुंच चुका है। यदि जलस्तर और बढ़ा तो गांव के लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
खबरें और भी

किसान मनजीत ने बताया कि उनके खेतों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर चुका है। इससे फसलों को नुकसान होने की आशंका है। अब हालात पर लगातार नजर रखनी होगी और प्रशासन को भी सतर्क रहना चाहिए।
उधर सिंचाई विभाग बैराज की स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए हुए है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। वहीं ग्रामीणों को भी सतर्क रहने और नदी किनारे अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी जा रही है।
श्री हरि बांध धाम पर बेरिकेडिंग न होने से हादसे की आशंका
रजपुरा ब्लाक क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे गंगा के जलस्तर ने तटीय क्षेत्र में रहने वाले ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। गांव मोलनपुर डांडा के समीप स्थित श्री हरि बांध धाम के किनारे गंगा का पानी पहुंच गया है और पिछले दो दिनों से जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में क्षेत्र में किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार, श्री हरि बांध धाम पर प्रतिदिन आसपास के कई गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए पहुंचते हैं। हालांकि, बढ़े हुए जलस्तर के बावजूद वहां न तो किसी प्रकार की बेरिकेडिंग की गई है और न ही प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।
इसके अलावा मौके पर पुलिस या प्रशासनिक कर्मचारियों की तैनाती भी नहीं है, जिससे लोग बिना किसी रोक-टोक के गहरे पानी की ओर चले जाते हैं। प्रशासन की ओर से चेतावनी संबंधी बोर्ड भी नहीं लगाए गए हैं। एसडीम गुन्नौर अवधेश कुमार वर्मा ने बताया कि नगर पंचायत गवां से इस बारे में कहा गया है। वहां पर बैरिकेडिंग कराई जाएगी तथा प्रशासन के लोग भी मौके पर मौजूद रहेंगे।