संभल में जामा मस्जिद समेत आठ ऐतिहासिक स्थलों से हटेंगे अवैध कब्जे, 2024 की हिंसा के बाद प्रशासन सख्त
संभल में शाही जामा मस्जिद समेत आठ ऐतिहासिक स्थलों से अवैध कब्जे हटाए जाएंगे। प्रशासन ने नवंबर 2024 की हिंसा के बाद इन संरक्षित स्मारकों को अतिक्रमण मु ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, संभल। शाही जामा मस्जिद समेत आठ ऐतिहासिक स्थलों व स्मारकों से अवैध कब्जे हटाए जाएंगे। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के संरक्षित आठों स्थलों व उनके आसपास व्यापक स्तर पर अवैध कब्जे किए गए हैं। 24 नवंबर, 2024 को जामा मस्जिद का सर्वे करने के विरोध में हुई हिंसा के बाद जिला प्रशासन व एएसआइ ऐतिहासिक स्थलों की देखरेख को लेकर गंभीर है।
जनवरी, 2025 में डीएम डॉक्टर राजेंद्र पैंसिया ने एएसआइ टीम संग फिरोजपुर किले के आसपास से अतिक्रमण हटवाया। इसके बाद से विभिन्न अवैध मस्जिद, मजारों से अवैध कब्जे हटाए गए।
अब आठ संरक्षित स्थलों से अतिक्रमण हटाने का मास्टरप्लान प्रशासन ने तैयार कर अमलीजामा पहनाना शुरू कर दिया है। डीएम ने बताया कि ऐतिहासिक स्थलों को कब्जामुक्त कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सभी जगह से अवैध कब्जे जल्द हटवाए जाएंगे।
हिंसा में हुई थी चार लोगों की मौत
हिंसा में चार लोगों की मौत हो गई थी। जबकि, 30 अधिकारी व पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। इससे जुड़े 12 मुकदमे अदालतों में विचाराधीन है। हिंसा के बाद जामा मस्जिद के आसपास भी अवैध कब्जा सामने आया था। साथ ही कई ऐसे स्मारक भी मिले, जिन्हें एएसआई भुलाए बैठा था। उनके सुंदरीकरण की कवायद की जा रही है।
पैमाइश में मिले 30 पक्के अवैध निर्माण
एएसआई संरक्षित जामा मस्जिद के अलावा गुमथल खेड़ा, सरथल खेड़ा, अमरपति खेड़ा, बेरनी मंदिर, चंद्रेश्वर महादेव मंदिर, फिरोजपुर किला व सौंधन के आसपास भी बड़े स्तर पर कब्जा किया गया है। लोगों ने अवैध पक्के मकान-दुकान बना लिए हैं। सौंधन किले के पास ही पैमाइश के बाद 30 पक्के अवैध निर्माण मिले। यह किला शाहजहां काल में 1645 के दौरान बनाया गया था।
खबरें और भी
रविवार को टीम ने हटवाए बुलडोजर से 4 अवैध कब्जे
रविवार को प्रशासन की टीम ने किले के आसपास बुलडोजर की मदद से चार अवैध कब्जे हटवाए। अब 26 अन्य अवैध कब्जे भी हटाए जाने हैं। इनमें डीएम निराश्रित व कमजोर तबके के लोगों के रहने की व्यवस्था करने के आदेश दे चुके हैं। इसके अलावा जामा मस्जिद के पास कब्रिस्तान की भूमि पर बने 22 मकान-दुकानों के मामले में प्रशासन स्तर से नोटिस दिया जा चुका है।
अन्य स्थलों के पास से भी कब्जे हटाने के लिए चल रही पैमाइश
वहीं, अन्य स्थलों के पास से भी अवैध कब्जे हटाने के लिए पैमाइश चल रही है। प्राथमिक रिपोर्ट में यहां भी व्यापक स्तर पर अतिक्रमण किया गया है। फिलहाल यह मामला हाई कोर्ट में विचाराधीन है। इसके अलावा 68 तीर्थ और 19 प्राचीन कूपों के आसपास से भी अवैध कब्जे हटाने की प्रक्रिया चल रही है।