K.K. विश्नोई के तबादले के बाद संभल को मिला नया SP, IPS विकास चंद्र त्रिपाठी ने संभाला कार्यभार
आईपीएस विकास चंद्र त्रिपाठी ने संभल के नए पुलिस अधीक्षक का पदभार संभाला। उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था की समीक्षा की और जनसुनवाई को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

पदभार ग्रहण करते संभल के नए एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी
जागरण संवाददाता, संभल। नवागत पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी ने जनपद में कार्यभार संभाल लिया। बहजोई स्थित कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि शासन की प्रस्तावित नीतियों के अनुसार काम करते हुए अच्छे कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।
जनसमस्याओं के निस्तारण और जनसुनवाई पर मुख्य फोकस रहेगा। आइजीआरएस की लगातार निगरानी कर शिकायतों का समय से निस्तारण कराया जाएगा।
जिस विभाग से समस्या संबंधित होगी, उससे समन्वय स्थापित कर शिकायत का संपूर्ण समाधान कराने का प्रयास होगा, जिससे लोगों को आगे-पीछे भटकना न पड़े। पुराने अपराधों में भी कार्रवाई के साथ अपराधियों को सक्रियता से उनके सही स्थान तक पहुंचाया जाएगा।
कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस टीमें समन्वय से काम करेंगी और पहले से होमवर्क कर सामाजिक व अराजक तत्वों को चिह्नित किया जाएगा। कांवड़ यात्रा समेत अन्य धार्मिक पर्वों को लेकर पूरी तैयारी के साथ काम होगा।
संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष फोकस रहेगा और किसी पहलू को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। प्रशासन और अन्य विभागों के साथ भी समन्वय स्थापित किया जाएगा।
विकास चंद्र त्रिपाठी इससे पहले बाराबंकी में अपर पुलिस अधीक्षक थे और इससे पहले वह वाराणसी कमिश्नरेट के अलावा अन्य स्थानों पर भी काम कर चुके हैं यूपी एसटीएफ में भी रह चुके हैं और मूल रूप से गोरखपुर जिले के रहने वाले हैं। हाल ही में वह आइपीएस के लिए प्रोन्नत हुए थे।
