काशीपुर: शिवलालपुर धाम में मासूम की संदिग्ध मौत, भड़के परिजन 2 तांत्रिकों को ही पकड़कर UP ले लाए
उत्तराखंड के काशीपुर स्थित शिवलालपुर धाम में 6 वर्षीय अर्पित की संदिग्ध मौत हो गई। स्वजनों ने तांत्रिकों पर बच्चे के पिता को पीटने का आरोप लगाया और दो ...और पढ़ें

कुढ़फतेहगढ़ के वेरनी गांव में बच्चे की मौत के बाद गांव में जमा लोगों की भीड़ व मौजूद पुलिस और मृतक अर्पित यादव की फाइल फाेटो
HighLights
स्वजन के मुताबिक, शाम को बच्चे के पैर हिला तो लेकर भागे अस्पताल, डाॅक्टर ने मृत घोषित किया
संवाद सहयोगी, कुढ़फतेहगढ़/चंदौसी (संभल)। थाना क्षेत्र के बेरनी गांव के रहने वाले छह वर्षीय बालक की उत्तराखंड के काशीपुर के पास स्थित शिवलालपुर धाम में मौत हो गई। सूचना पाकर जब स्वजन वहां पहुंचे तो कथित तांत्रिकों से उनकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि तांत्रिकों ने बच्चे के पिता के हाथ में राड मारकर उसे घायल कर दिया। इसके बाद आक्रोशित स्वजन दो आरोपितों को पकड़कर थाने ले गए। शाम को बच्चे के जिंदा होने का शोर मचा तो स्वजन उसे अस्पताल लेकर भागे, लेकिन डाॅक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना कुढ़फतेहगढ़ क्षेत्र के गांव बेरनी रतनपुर निवासी शुगर सिंह का छह वर्षीय बेटा अर्पित अपनी दादी वीरवती के साथ उत्तराखंड के काशीपुर से चार-पांच किमी की दूरी पर स्थित शिवलालपुर धाम गया था। मंगलवार को उन्होंने फोन करके शुगर सिंह को बताया कि अर्पित का शरीर नीला पड़ गया है और वह बेहोश हो गया है।
इसके बाद शुगर सिंह अपने परिवार वालों के साथ तुरंत शिवलालपुर पहुंच गए। स्वजन के अनुसार, यहां एक एसी कमरे में अर्पित को लिटा रखा था। जब उन्होंने धाम के एक बाबा से पूछा तो उसने बताया कि बच्चा अभी सही हो जाएगा। शुगर सिंह के भाई उमेश ने बताया कि जब स्वजन अर्पित को ले जाने लगे तो कथित तांत्रिकों ने विरोध करते हुए हाथापाई शुरू कर दी।
एक राॅड शुगर सिंह के हाथ में लगी, जिससे वह लहूलुहान हो गया। इसके बाद स्वजन जबरन अर्पित के साथ दो कथित तांत्रिकों को भी पकड़कर बेरनी ले गए। बताया जाता है कि इसके बाद कथित तांत्रिकों के स्वजन ने इसकी सूचना काशीपुर पुलिस को कर दी कि कुछ लोग उनका अपहरण करके ले गए हैं। काशीपुर पुलिस ने यहां की थाना पुलिस से संपर्क साधा और गांव पहुंच गई।
खबरें और भी
यहां से सभी को थाने लाया गया। सीओ विवेक जावला भी पहुंच गए। पोस्टमार्टम के लिए स्वजन ने इंकार किया तो सीओ ने उन्हें समझाया। इसके बाद शाम को स्वजन को अर्पित के शरीर में हलचल का अहसास हुआ तो वहां उसके जिंदा होने का शोर फैल गया। काफी देर तक वहां अफरातफरी का माहौल बना रहा। इसके बाद स्वजन उसे चंदौसी के दो निजी अस्पतालों में लेकर गए लेकिन डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एक कथित तांत्रिक मौका पाकर भागा
स्वजन के अनुसार, वे काशीपुर से तीन तांत्रिकों को पकड़कर लाए थे लेकिन रास्ते में एक आरोपित मौका पाकर फरार हो गया। दो को पकड़कर स्वजन ने थाना कुढ़फतेहगढ़ पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। थानाध्यक्ष जितेंद्र के अनुसार, दोनों को हिरासत में रखकर काशीपुर पुलिस को सूचित कर दिया गया है। घटनास्थल वहीं का है, इसलिए जो भी कार्रवाई होगी, वहीं से होगी।
बच्चे की दादी काशीपुर में ले गई थी, वहां बच्चे की मौत हो गई। उसके बाद स्वजन कथित झाड़फूंक करने वालों को गाड़ी में बैठाकर ले आए। बच्चे के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद ही सही स्थिति सामने आएगी। बच्चे के दोबारा जिंदा होने की बात अफवाह थी।
- विवेक जावला, सीओ, चंदौसी
यह भी पढ़ें- संभल 35 बीघा विवाद: 1984 के संशोधन पत्र में छुपा है नगर पालिका भूमि का राज, उर्दू-फारसी के पन्नों से हटेगा पर्दा