ब्रज-वृंदावन जैसा दिखेगा संभल का परिक्रमा मार्ग; 100 करोड़ की पहली किस्त जारी, 34 गांवों से गुजरेगा रास्ता
संभल के 24 कोसीय परिक्रमा मार्ग को नया स्वरूप देने के लिए लोक निर्माण विभाग और राजस्व विभाग भूमि की नापजोख कर रहे हैं। इस मार्ग के चौड़ीकरण और सुंदरीक ...और पढ़ें

परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण करते लोनिवि व राजस्व विभाग के अधिकारी
HighLights
राजस्व विभाग के साथ लोनिवि अधिकारी कर रहे नापजोख
जागरण संवाददाता, संभल। क्षेत्र को नई पहचान देने वाली 24 कोसीय परिक्रमा वाले मार्ग को जल्द ही अब नया स्वरूप मिलेगा। जिसके लिए लोनिवि व राजस्व विभाग की ओर से भूमि पैमाइश के साथ ही नापजोख की जा रही है। इस मार्ग के चौड़ीकरण व सुंदरीकरण के बाद श्रद्धालुओं को अपनी परिक्रमा यात्रा में काफी सुविधा होगी। क्योंकि सड़क सात मीटर चौड़ी होगी तो उसके बायीं ओर तीन मीटर की पटरी होगी, जिस पर श्रद्धालु पैदल परिक्रमा कर सकेंगे। जबकि सड़क पर वाहन आ जा सकेंगे।
संभल में तीर्थ व कूप परिक्रमा का है महत्व
गोवर्धन, वृंदावन व नर्मदा परिक्रमा की तरह संभल में भी तीर्थ व कूप की परिक्रमा का काफी महत्व है। यहां पर श्रद्धालु 68 तीर्थ व 19 कूप की परिक्रमा करते हैं। वैसे तो प्रत्येक माह के पहले रविवार को 24 कोसीय परिक्रमा समिति की ओर से एक दिवसीय तीर्थ परिक्रमा का आयोजन किया जाता है, जिसमें दो व चार पहिया वाहन से परिक्रमा को श्रद्धालु पूरा करते हैं।
कार्तिक शुक्ल पक्ष में दो दिवसीय परिक्रमा का होता है आयोजन
जबकि दीपावली के बाद कार्तिक शुक्ल पक्ष की चतुर्थी व पंचमी को दो दिवसीय परिक्रमा का आयोजन किया जाता है। जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु पैदल अपनी परिक्रमा को करते हैं। इसी को लेकर इस 24 कोसीय परिक्रमा मार्ग के सुंदरीकरण व चौड़ीकरण पर जोर दिया जा रहा था, जिससे श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के अपनी परिक्रमा यात्रा को पूरा कर सकें।
पहली किस्त जारी
शासन के निर्देश पर प्रशासन की ओर से इस 24 कोसीय परिक्रमा मार्ग के चौड़ी व सुंदरीकरण का कार्य शुरू कराया गया। जहां लोनिवि की ओर से भेजे गए प्रस्ताव को वित्तीय वर्ष 2025-26 के मार्च माह में इस प्रस्ताव काे मंजूरी मिलने के साथ ही पहली किस्त के रूप में 100 करोड़ रुपये की धनराशि आवंटित की गई।
खबरें और भी
पैमाइश का काम शुरू
प्रस्ताव की मंजूरी के बाद लोनिवि ने राजस्व विभाग के साथ मिलकर इस परिक्रमा मार्ग की पैमाइश का काम शुरू कर दिया, जिसमें नापजोख की जा रही थी। इस प्रस्ताव में सड़क सात मीटर चौड़ी व बायीं ओर तीन मीटर पटरी रहेगी। जिससे सड़क पर वाहनों की आवाजाही होती रहे और पटरी पर परिक्रमा के दौरान श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के अपनी परिक्रमा को पूरा कर सकें।
34 हेक्टेयर भूमि का होगा अधिग्रहण
विभाग की ओर से सहायक अभियंता विवेक कुमार बंसल ने बताया यह परिक्रमा मार्ग तहसील क्षेत्र के करीब 34 गांवों से होकर गुजरेगा। जहां चौड़ीकरण के लिए करीब 34 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। इसके लिए शासन की ओर से 303 करोड़ रुपये की स्वीकृति देने के साथ पहली किस्त के रूप में 100 करोड़ रुपये की धनराशि अवंटित की।
इस धनराशि से चौड़ीकरण के लिए भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। सोमवार को सहायक अभियंता अवर अभियंता और राजस्व विभाग के कर्मचारियों व परिक्रमा समिति सदस्यों के साथ गांव भवानीपुर में पहुंचे थे। जहां परिक्रमा मार्ग की नापजोख की जा रही थी।
पांच करोड़ की लागत से हटेंगे पोल
24 कोसीय परिक्रमा मार्ग पर चौड़ीकरण के लिए पोल शिफ्टिंग का कार्य भी कराया जाएगा। इसके लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से करीब पांच करोड़ की लागत से 190 पोल काे हटवाया जाएगा। जबकि वन विभाग को करीब 348 लाख की धनराशि आवंटित की जाएगी। जिससे बाधा बन रहे पेडों का कटान कराया जा सकेगा।
इस समय परिक्रमा मार्ग के चौउ़ीकरण के लिए भूमि की नापजोख का कार्य किया जा रहा है। इसके पूरा होने के बाद अधिग्रहण का कार्य शुरू किया जाएगा। इसके चौड़ीकरण से श्रद्धालुओं को काफी राहत मिलेगी।
- सुनील प्रकाश, अधिशासी अभियंता लोनिवि संभल
यह भी पढ़ें- स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26: यूपी की टॉप-15 लिस्ट में जगह बनाने को संभल तैयार, अगले हफ्ते होगा 'शक्ति परीक्षण'