संभल: 3 दिन पहले दादी को खोया, अब खुले सेप्टिक टैंक में डूबने से 3 साल के मासूम की मौत; दो घंटे बाद मिला शव
गुन्नौर के रेतला मोहल्ले में निर्माणाधीन मकान के खुले सेप्टिक टैंक में डूबने से तीन वर्षीय मासूम सैफ अली की मौत हो गई। बारिश के दौरान खेलते समय हुए इस ...और पढ़ें

इसी सेप्टिक टैंक में डूबकर हुई मासूम की मौत। जागरण
संवाद सूत्र, गुन्नौर (संभल)। गुन्नौर कस्बे के मुहल्ला रेतला में बुधवार को तेज बारिश के बीच निर्माणाधीन मकान में खेलते समय तीन वर्षीय मासूम की खुले सेप्टिक टैंक में डूबने से मौत हो गई। करीब दो घंटे तक स्वजन और मुहल्ले के लोग उसकी तलाश करते रहे, लेकिन शाम को सेप्टिक टैंक से उसका शव बरामद हुआ।
तीन वर्ष पहले पिता और तीन दिन पहले दादी को खो चुके परिवार पर इस हादसे ने दुखों का एक और पहाड़ तोड़ दिया। मुहल्ला निवासी तीन वर्षीय सैफ अली पुत्र स्वर्गीय अकबर अली घर से बाहर अन्य बच्चों के साथ खेलने निकला था। बारिश कम होने पर जब वह घर नहीं लौटा तो उसकी मां रेशमा ने उसे तलाशना शुरू किया।
इसके बाद स्वजन और मुहल्ले के लोग भी खोजबीन में जुट गए, लेकिन काफी देर तक उसका कोई पता नहीं चल सका। इससे स्वजन में खलबली मच गई। अन्य बच्चों ने भी उसके डूबने की बात स्वजन को नहीं बताई। करीब दो घंटे की तलाश के बाद शाम लगभग छह बजे घर से करीब 50 मीटर दूर शफीक के निर्माणाधीन मकान में बने खुले सेप्टिक टैंक के छोटे से खुले हुए रास्ते में मासूम का शव पानी में उतराता दिखाई दिया।
लोगों ने तुरंत उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। टैंक की गहराई करीब दस फीट थी और उसमें पानी भी आधे से ज्यादा भरा हुआ था। हालांकि उसके ऊपर स्लैब डले हुए थे लेकिन, कुछ रास्ता खोल रखा था। क्योंकि टैंक में ही पानी भरकर उसे निर्माण कार्य में लिया जा रहा था।