संभल में ग्राम समाज की जमीन पर बने अवैध इमामबाड़ा और मजार पर चला बुलडोजर, भारी पुलिस बल तैनात
संभल के मुकर्रबपुर गांव में ग्राम समाज की बंजर भूमि पर बने अवैध इमामबाड़ा और मजार को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में ध्वस्त कर दिया गया। यह कार्रवाई उत्त ...और पढ़ें

गांव मुकर्रबपुर में अवैध इमामबाड़े को ध्वस्त करते बुलडोजर।
संवाद सहयोगी, संभल। तहसील क्षेत्र के गांव मुकर्रबपुर में ग्राम समाज की बंजर भूमि पर बने अवैध इमामबाड़ा और शाह मियां नीम मजार को प्रशासन ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। पांच बुलडोजर और एक मिनी पोकलेन मशीन की मदद से निर्माण को ध्वस्त किया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
दरअसल, ग्राम समाज की गाटा संख्या-765 की बंजर भूमि पर करीब 50 वर्ष पहले कब्जा कर इमामबाड़ा और मजार का निर्माण किया गया था। लेखपाल ने इसकी शिकायत तहसीलदार से की थी।
इस मामले में उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता-2006 की धारा-67 के तहत तहसीलदार न्यायालय ने बेदखली का आदेश पारित किया था। आदेश पर राजस्व विभाग की टीम शुक्रवार को नायब तहसीलदारों के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू कर दिया।
सबसे पहले इमामबाड़े के आगे लगाए गए शटर और अन्य निर्माण को बुलडोजर से तोड़ा गया। इसके बाद शाह मियां नीम मजार को भी बुलडोजर की मदद से ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू हुई।
मौके पर राजस्व विभाग के अधिकारी लगातार निर्माण की पैमाइश कराते हुए निर्धारित सीमा के भीतर कार्रवाई करा रहे हैं। कार्रवाई के दौरान सीओ कुलदीप कुमार स्वयं मौके पर मौजूद हैं।
उनके साथ पुलिस बल, पीएसी के जवान तथा महिला पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। कार्रवाई पूरी होने के बाद भूमि का कब्जा ग्राम पंचायत को सौंपते हुए आगे की रिपोर्ट न्यायालय में प्रस्तुत की जाएगी।