विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

संभल में जामा मस्जिद के पास बड़ी कार्रवाई: बिना नक्शे के बने 35 मकान-दुकान चिह्नित, पैमाइश जारी

Updated: Thu, 20 Aug 2026 10:24 PM (IST)

संभल में जामा मस्जिद के पास बिना स्वीकृत नक्शे के बने मकानों और दुकानों की पैमाइश शुरू हो गई है। अब तक 35 निर्माण चिह्नित किए गए हैं और मालिकों को शुक्रवार तक नक्शे प्रस्तुत करने को कहा गया है।

संभल में शाही जामा मस्जिद के पीछे बनी दुकान की पैमाइश के दौरान जानकारी करते जेई सचिन कुमार और जामा मस्जिद के पीछे बनी दुकान व मकान

संभल में शाही जामा मस्जिद के पीछे बनी दुकान की पैमाइश के दौरान जानकारी करते जेई सचिन कुमार और जामा मस्जिद के पीछे बनी दुकान व मकान

HighLights

  1. ढाई घंटे तक चलती रही पैमाइश

जागरण संवाददाता, संभल। शाही जामा मस्जिद के पास बिना स्वीकृत नक्शे के बने मकानों और दुकानों को लेकर प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। गुरुवार को विनियमित क्षेत्र के जेई सचिन कुमार ने टीम के साथ मुहल्ला कोट पूर्वी स्थित धार्मिक स्थल के पीछे बनी मार्केट में करीब ढाई घंटे तक पैमाइश की। इस दौरान करीब 35 निर्माण चिह्नित किए गए।

संबंधित भवन स्वामियों को शुक्रवार तक अपने निर्माण के स्वीकृत नक्शे प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। टीम ने मौके पर बने मकानों और दुकानों की निर्माण स्थिति का जायजा लेने के साथ उनके स्वीकृत मानचित्र और संबंधित अभिलेखों की जानकारी जुटाई।

अधिकारियों ने यह भी देखा कि जिन भवनों के नक्शे स्वीकृत हैं, उनका निर्माण उसी के अनुरूप कराया गया है या नहीं। जांच के दौरान कई निर्माण ऐसे मिले, जिनके संबंध में स्वीकृत नक्शे उपलब्ध नहीं थे।

प्रशासन के अनुसार, चिह्नित निर्माणों के मालिकों से शुक्रवार तक भवनों के स्वीकृत नक्शे प्रस्तुत करने को कहा गया है। जिन लोगों के पास स्वीकृत नक्शा उपलब्ध है और निर्माण उसी के अनुरूप कराया गया है, उनके खिलाफ नोटिस की कार्रवाई नहीं की जाएगी।

वहीं, बिना स्वीकृत नक्शे के निर्माण पाए जाने पर संबंधित भवन या दुकान के मालिक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कुछ लोगों को नोटिस पहले ही जारी किए जा चुके हैं।

जेई सचिन कुमार ने बताया कि चौधरी सराय पुलिस चौकी से टंडन तिराहे तक का क्षेत्र महायोजना 2031 के तहत चिह्नित है। इसी क्षेत्र में निर्माणों की स्थिति और स्वीकृत मानचित्रों की जांच की जा रही है।

प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि क्षेत्र में निर्माण निर्धारित नियमों और स्वीकृत मानचित्र के अनुसार ही हों। शुक्रवार को भी पैमाइश का कार्य होगा।

यह भी पढ़ें- 15 साल पहले प्यार के लिए अपनाया था इस्लाम, अब संभल के कप्तान सिंह ने परिवार संग मांगी सनातन धर्म में वापसी की अनुमति