कपिल सिंघल केस में बड़ा मोड़: संभल पुलिस से छिनी जांच, अब मुजफ्फरनगर SP करेंगी 12 मुकदमों की फाइल री-ओपन
संभल पुलिस से कपिल सिंघल के 12 मुकदमों की जांच हटाकर मुजफ्फरनगर एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ को सौंपी गई है। ...और पढ़ें

राजेश सिंघल, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष, भाजपा और कपिल सिंघल
HighLights
भाजपा नेता राजेश सिंघल के भाई कपिल सिंघल की पत्नी ने प्रमुख सचिव गृह से की थी सीबीसीआईडी या अन्य जिले में जांच की मांग
संवाद सहयोगी, संभल। संभल पुलिस की जांच पर भरोसा नहीं है...पति कपिल सिंघल, बेटे सार्थक सिंघल, पवांसा ब्लाक प्रमुख पति हिर्देश यादव सहित 13 सहयोगियों के खिलाफ दर्ज मुकदमों की निष्पक्ष जांच नहीं हो रही है। राजनीतिक रंजिश के चलते फर्जी मुकदमे दर्ज कराने का आरोप लगाते हुए भाजपा नेता राजेश सिंघल के भाई कपिल सिंघल की पत्नी मीनाक्षी सिंघल ने कुछ इस तरह शब्दों के साथ चार जून प्रमुख सचिव (गृह) संजय प्रसाद को पत्र सौंपा।
इस शिकायत पर डीजीपी मुख्यालय के मानवाधिकार प्रकोष्ठ ने अब इस प्रकरण अब जोन बदलकर मुकदमों की जांच अब मेरठ जोन के जिला मुजफ्फरनगर एसपी क्राइम इंदू सिद्धार्थ से कराने के आदेश दिए हैं। इतना ही नहीं, जांच चलने तक इस प्रकरण में संभल पुलिस को कोई कार्रवाई न करने के आदेश भी दिए हैं।
मीनाक्षी सिंघल ने प्रार्थना पत्र में बताया था कि कपिल सिंघल राजनीतिक परिवार से संबंध रखते हैं और संभल में हिंदुत्व की आवाज बुलंद करते हैं। बताया कि कारोबारी कपिल सिंघल के साथ उनका नौकर विपुल गुप्ता उनके व्यापार की देखभाल करता था। कपिल सिंघल समाज सेवा में व्यस्त रहते थे।
आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर विपुल गुप्ता ने उनका विश्वास जीतकर संपत्ति को अपने नाम कराना शुरू कर दिया। आरोप है कि कुछ राजनीतिक लोगों द्वारा विपुल गुप्ता को मोहरा बनाकर राजनैतिक फायदे के लिए षड़यंत्र रचकर कपिल सिंघल के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज करा दिए।
सभी मुकदमों में कपिल सिंघल के पास निर्दाेष होने के साक्ष्य भी हैं। उनके भाई भाजपा पश्चिमी यूपी के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष भी हैं। जिस कारण विपक्षियों द्वारा उनके परिवार के राजनीतिक और सामाजिक छवि को धूमिल करने का लगातार प्रयास किया जा रहा है।
पत्नी ने विभिन्न थानों में दर्ज 12 मुकदमों की जांच सीबी-सीआईडी व न्यायिक जांच किसी सेवानिवृत्त न्यायाधीश या कार्यपालक मजिस्ट्रेट से कराने की मांग की।
इस क्रम में डीजीपी मुख्यालय के मानवाधिकार प्रकोष्ठ ने 21 जुलाई को जारी आदेश जारी कर मुजफ्फरनगर की एसपी को प्रकरण की जांच सौंपी गई है। मंगलवार को एसपी क्राइम संभल पहुंची और सीओ कुलदीप कुमार से मामले की पूरी जानकारी की।
दर्ज 12 मुकदमों का विवरण
- 14 मार्च 2023 को दुर्गा कालोनी निवासी अंशु शर्मा के साथ मारपीट करने के मामले में कपिल सिंघल पर पहली प्राथमिकी दर्ज हुई थी।
- 18 फरवरी 2025 को कोतवाली में विपुल गुप्ता ने दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया था कि कपिल सिंघल बेटे सार्थक सिंघल सहित 13 लोगों पर पारिवारिक और व्यावसायिक संबंधों का गलत फायदा उठाकर व डर और धमकी देकर कई वाहन (ट्रक, स्कार्पियो, बुलेट) और प्लाट अपने नाम करा लिए।
- 18 अप्रैल 2025 को कैलादेवी थाना पुलिस चोरी के वाहनों के कटान और खरीद फरोख्त के मामले में कपिल सिंघल पर प्राथमिकी दर्ज की।
- 23 अप्रैल 2025 को कैलादेवी पुलिस ने सील की गई स्क्रैप फैक्ट्री में सीसीटीवी कैमरे लगाने और छेड़खानी करने के मामले में भी कपिल सिंघल पर प्राथमिकी दर्ज की।
- 22 जून 2025 को भी जीएसटी चोरी के मामले में कोतवाली पुलिस ने कपिल सिंघल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।
- 22 जुलाई 2025 को नखासा थाना पुलिस ने बुशरा परवीन की तहरीर पर फर्जी बिल तैयार कर जीएसटी सहित ट्रांसपोर्ट विभाग को करोड़ों रुपये का चूना लगाने के मामले में कपिल सिंघल पर केस दर्ज किया गया।
- 20 सितंबर 2025 को कोतवाली पुलिस ने मारपीट के मामले में आसिफ की तहरीर पर कपिल सिंघल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
- 28 मार्च 2026 को भाजपा नेता राजेश सिंघल पर निजी सुरक्षा गार्डों द्वारा लाइसेंसी रिवाल्वर देने के मामले में असमोली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की थी।
- 28 अप्रैल 2026 को सौंधन के ग्राम प्रधान से मारपीट करने के मामले में कपिल सिंघल के चचेरे भाई सुभाष सिंघल पर भी कैलादेवी थाने में केस दर्ज है।
अब भाजपा नेता राजेश सिंघल और कपिल सिंघल से जुड़े सभी मामले की जांच मुजफ्फरनगर की एसपी क्राइम कर रही हैं। मंगलवार को भी वह संभल आई थीं। उनके द्वारा जो भी जानकारी मांगी जा रही है वो उन्हें दी जा रही है।
- कुलदीप सिंह, सीओ, संभल
सभी मुकदमों की जांच अब मुजफ्फरनगर पुलिस ने शुरू की है। अब दूध का दूध, पानी का पानी साफ हो जाएगा। शासन की समिति ने हमारे और पुलिस के पक्ष जानने के बाद यह विवेचना दूसरे जिले को ट्रांसफर की है। उम्मीद है कि अब सही जांच होगी और न्याय मिलेगा।
- राजेश सिंघल, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष, भाजपा।
यह भी पढ़ें- खेत बने 'मौत का कुआं': मुरादाबाद में तेंदुए के हमले में महिला की मौत, अमरोहा-संभल तक फैला खौफ
