कश्मीर में बंधक बने संभल के 7 मजदूर! फोन बंद होने से सहमे परिजन, वीडियो जारी कर मांगी मदद
संभल के सात मजदूर जम्मू-कश्मीर में ईंट भट्ठे पर बंधक बनाए गए हैं, जिनसे परिवार का संपर्क टूट गया है और उनकी सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। परिजनो ...और पढ़ें

बंधक मजदूरों द्वारा बनाया गया वीडियो। इंटरनेट मीडिया
HighLights
सोमवार को सीओ से मिले परेशान स्वजन, प्रशासन से सकुशल घर वापसी कराने की लगाई गुहार
संवाद सहयोगी, संभल। जम्मू-कश्मीर के ईंट भट्ठे पर काम करने गए फत्तेहपुर उत्तमा गांव के सात मजदूरों से स्वजन का संपर्क टूट गया है। मजदूरों के फोन बंद होने से उनकी चिंता बढ़ती जा रही है। उन्हें आशंका है कि मजदूरों के साथ दोबारा कोई अनहोनी न हो जाए। स्वजन उनकी सकुशल घर वापसी के लिए पुलिस और प्रशासन से गुहार लगा रहे हैं।
गांव फत्तेहपुर उत्तमा निवासी हरवीर, सुरजीत, राजकुमार, बाबी, गुड्डू, अमित, छोटे समेत सात मजदूर 11 अगस्त को सरायतरीन के मुहल्ला नवादा निवासी ठेकेदार जाकिर और उसके भाई शाकिर के साथ जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर जिले स्थित ईंट भट्ठे पर काम करने गए थे।
अधिक मजदूरी मिलने की उम्मीद में सभी मजदूर उनके साथ चले गए थे। ट्रेन से जम्मू-कश्मीर पहुंचने के बाद उन्हें ईंट भट्ठे पर काम में लगा दिया गया। 20 अगस्त को मजदूरों ने भट्ठा स्वामी से अपनी मजदूरी मांगी थी।
आरोप है कि मजदूरी देने के बजाय भट्ठा स्वामी ने मजदूरों के साथ मारपीट की। इसमें एक मजदूर का दांत भी टूट गया। मजदूरों ने घर जाने की बात कही तो उन्हें जाने नहीं दिया गया। गांव के ही मजदूर बाबी ने किसी तरह बंधक बनाए जाने का वीडियो बना लिया और रविवार को गांव के एक व्यक्ति को भेजा दिया।
वीडियो में मजदूर अपनी परेशानी बताते हुए घर वापस भेजने की गुहार लगाते दिखाई दिए थे। वीडियो सामने आने के बाद स्वजन की चिंता बढ़ गई। रविवार को ही सभी मजदूरों के स्वजन सरायतरीन में ठेकेदार जाकिर के पास पहुंचे थे।
ठेकेदार से मजदूरों को वापस बुलाने की मांग की थी। ठेकेदार ने जम्मू कश्मीर फोन किया। बताते हैं कि वहां के एक व्यक्ति ने सभी को बंधन मुक्त कराके भगा दिया। आरोप है कि भट्ठा स्वामी ने फिर से सभी मजदूरों को पकड़कर मारपीट की और दोबारा से बंधक बना लिया।
मोबाइल फोन भी छीन लिए। सोमवार को मजदूरों के स्वजन गुड्डू, महेंद्र, सरवती, रामवती, रिंकू आदि सीओ कार्यालय पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी दी। उनका कहना है कि जम्मू कश्मीर में मजदूरों से कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है।
उन्होंने सीओ कुलदीप कुमार से मजदूरों की सुरक्षित घर वापसी के साथ ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग की। सीओ कुलदीप कुमार का कहना है कि कुछ मजदूर वापस आ गए हैं। बंधक बनाने जैसा कोई मामला नहीं है। जबकि परिवार के लोग मजदूरों के वापस आने की बात से इंकार कर रहे हैं।
