Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    7 लाख खर्च कर जेल से छूटा, फिर ऐसा क्या हुआ? संभल में युवक की मौत के बाद वायरल ऑडियो से मचा हड़कंप

    Updated: Mon, 20 Apr 2026 10:45 PM (IST)

    संभल में जमानत पर छूटे दुष्कर्म के आरोपित का शव पेड़ से लटका मिला है। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है, पुलिस जांच में जुटी है। ...और पढ़ें

    शव मिलने के बाद जानकारी करते एएसपी कुलदीप सिंह और इनसेट में कपि‍ल का फाइल फोटो

    शव मिलने के बाद जानकारी करते एएसपी कुलदीप सिंह और इनसेट में कपि‍ल का फाइल फोटो

    संवाद सहयोगी, संभल। जमानत पर जेल से बाहर आए किशोरी से दुष्कर्म के आरोपित का शव असमोली थाना क्षेत्र में पेड़ से लटका मिला। स्वजन ने युवक की हत्या की आशंका जताई है। जानकारी मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं एएसपी ने भी मौके का मुआयना किया है।

    असमोली थाना क्षेत्र के गांव खेमपुर निवासी 21 वर्षीय कपिल किशोरी से दुष्कर्म करने के आरोप में जेल में बंद था। करीब डेढ़ वर्ष पहले पास के ही एक गांव निवासी एक ग्रामीण की तहरीर पर दर्ज मामले में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। बीते 17 अप्रैल को कपिल जमानत पर रिहा होकर घर लौटा था।

    रविवार को गांव के ही महेश की बेटी का लग्न कार्यक्रम गांव तलवार में था, जिसमें कपिल भी शामिल हुआ था। बताते हैं कि कार्यक्रम से लौटने के बाद शाम करीब आठ बजे के बीच उसके मोबाइल पर किसी का फोन आया और फोन आने के बाद कपिल ने थोड़ी देर में लौटने की बात कही और घर से निकल गया, लेकिन देर रात तक वापस नहीं आया।

    काफी तलाश के बाद भी जब वह वापस घर नहीं लौटा तो जानकारी कराई गई। इधर उधर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला तो स्वजन चिंतित हो गए। सोमवार की सुबह देहरी मिलक मार्ग पर स्थित खेत में पाखड़ के पेड़ से एक युवक का शव लटका होने की सूचना मिली।

    खबरें और भी

    मौके पर पहुंचे स्वजन ने शव की पहचान कपिल के रूप में की। घटना की जानकारी मिलते ही भीड़ जमा हो गई। स्वजन ने आरोप लगाया कि कपिल की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया गया है। उनका कहना है कि फोन के बाद ही वह घर से निकला था, जिससे घटना संदिग्ध प्रतीत होती है।

    सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक मोहित बालियान टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं एएसपी कुलदीप सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।

    उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार युवक के फंदे पर लटकने से मौत की बात सामने आयी है। मृतक के बड़े भाई रोबिन ने छह लोगों पर मारपीट कर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।

    मां बोली चल रहा था प्रेम प्रसंग, झूठे मुकदमे में फंसाया

    गांव खेमपुर निवासी कपिल की मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया। मृतक की मां प्रेमवती ने बताया कि पांच भाई-बहनों में कपिल सबसे छोटा था और अविवाहित था। वह अक्सर पड़ोसी गांव स्थित अपनी बुआ शशिबाला के घर आता-जाता रहता था। वहां गांव की एक किशोरी से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था।

    बताया कि करीब डेढ़ साल पहले किशोरी कपिल के घर पहुंच गई थी और उसके साथ रहने की जिद पर अड़ गई थी। इसके बाद किशोरी के स्वजन ने कपिल के खिलाफ पोक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज कराया, जिसमें वह जेल चला गया। करीब डेढ़ साल बाद 17 अप्रैल को वह जमानत पर छूटा था।

    मौत से पहले कपिल ने युवती से फोन पर की थी बातचीत

    मृतक कपिल और एक युवती के बीच फोन पर बातचीत का एक आडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। आडियो में दोनों के बीच फोन पर बहस और एक-दूसरे को धमकी देने जैसी बातें सुनाई दे रही हैं।

    कपिल युवती से कहता है कि तेरा भाई भी लग्न समारोह में आ रहा है। तब युवती कहती है कि मेरे भाई को कुछ मत करना। युवक ने कहा कि तू जिससे बात करती है न पहले उसको मारूंगा और खुद भी मर जाऊंगा।

    आडियो में कपिल खुद पर मुकदमे और जेल से छूटने में हुए खर्च का भी जिक्र कर कह रहा है कि उसके जेल से छूटने में सात लाख रुपये खर्च हुए हैं। फिलहाल आडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और प्रसारित सामग्री को भी जांच के दायरे में लिया जा सकता है।

    यह भी पढ़ें- गंगा एक्सप्रेसवे अपडेट: संभल में काम हुआ पूरा, अप्रैल के अंत में दौड़ेंगी गाड़ियां; देखें रूट और इंटरचेंज की पूरी जानकारी