15 अगस्त को इंस्टाग्राम स्टेटस पर लगाया पाकिस्तानी झंडा, दिल्ली में मूंगफली बेचने वाले युवक को तलाश रही पुलिस
स्वतंत्रता दिवस पर कुढ़ फतेहगढ़ के एक युवक ने अपने इंस्टाग्राम पर पाकिस्तानी झंडे का स्टेटस लगाया। पुलिस युवक की तलाश कर रही है, जो दिल्ली में मूंगफली बेचता है, और आगे की कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को सूचित किया गया है।

इंस्टाग्राम स्टेटस में पाकिस्तानी झंडे के साथ तालिब खान
HighLights
संभल के कुढ़ फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के गांव फतेहपुर डाल का मामला
संवाद सहयोगी, चंदौसी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इंटरनेट मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित करने का मामला सामने आया है। कुढ़ फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के गांव फतेहपुर डाल निवासी युवक ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पाकिस्तानी झंडे और देशभक्ति गीत के साथ स्टेटस पोस्ट कर दिया। मामला संज्ञान में आते ही पुलिस आरोपित युवक की तलाश में जुट गई है।
इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो के अनुसार दावा किया जा रहा है कि फतेहपुर डाल निवासी तालिब खान ने 15 अगस्त के दिन अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर ये विवादित स्टेटस लगाया था।
दोपहर लगभग 2 बजे मामले की जानकारी मिलने पर कुढ़ फतेहगढ़ थाना पुलिस जांच के लिए आरोपित के घर पहुंची। हालांकि, युवक घर पर मौजूद नहीं मिला। थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि पुलिस टीम जब आरोपित के घर पहुंची तो उसके पिता मिले।
पिता ने बताया कि तालिब दिल्ली में रहकर मूंगफली बेचने और मौसम के अनुसार मजदूरी का काम करता है। उन्हें बेटे द्वारा इंटरनेट मीडिया पर की गई इस हरकत की कोई जानकारी नहीं थी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है और आगे के निर्देशों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं युवक का विवादित फोटो व स्टेटस लोगों के संज्ञान में आया, उसे तुरंत हटवा दिया गया। हालांकि दैनिक जागरण वायरल स्टेटस और फोटो की पुष्टि नहीं करता है।

