संभल में वेल्डिंग का काम करने वाले युवक की छात्रा के घर में हुई धुनाई, जानें क्या है पूरा मामला
संभल में दूसरे संप्रदाय के एक युवक को छात्रा के घर में मिलने पर परिजनों ने पकड़ लिया। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने युवक की पिटाई कर दी। युवक और छात्रा ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक चित्र
HighLights
छात्रा से मिलने पहुंचे दूसरे संप्रदाय के युवक को पकड़कर की धुनाई
कोतवाली क्षेत्र के एक मुहल्ले का मामला, पुलिस मामले की जांच में जुटी
संवाद सहयोगी, संभल। : कोतवाली क्षेत्र में दूसरे संप्रदाय का एक युवक छात्रा से मिलने उसके घर में घुस गया। स्वजन ने मौके पर उसे पकड़ लिया और शोर-शराबा होने पर आसपास के लोग भी एकत्र हो गए। गुस्साए लोगों ने युवक की पिटाई करके पुलिस को सौंप दिया। पुलिस युवक को कोतवाली ले गई। स्वजन ने युवक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
नखासा थाना क्षेत्र का रहने वाला दूसरे संप्रदाय का युवक मुशर्रफ कोतवाली क्षेत्र के बहजोई रोड स्थित एक मुहल्ले में वेल्डिंग का काम करता है। इसी क्षेत्र की एक किशोरी, जो नगर के एक इंटर कालेज में हाईस्कूल की छात्रा है। उस किशोरी से उसका संपर्क हो गया था।
बताते हैं कि करीब एक वर्ष पहले युवक ने किशोरी को अपने झांसे में ले लिया और उसके बाद दोनों के बीच फोन पर बातचीत शुरू हो गई। आरोप है कि युवक स्कूल जाते समय भी किशोरी का पीछा करता था। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और युवक ने किशोरी को चोरी-छिपे एक मोबाइल फोन भी दे दिया, जिससे दोनों लगातार संपर्क में रहे।
बुधवार को किशोरी के स्वजन खेतों में काम करने गए हुए थे। इसी दौरान युवक मौका पाकर उसके घर पहुंच गया और दोनों बातचीत कर रहे थे। तभी अचानक स्वजन घर लौट आए और युवक को किशोरी से बात करते पकड़ लिया। जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए।
खबरें और भी
युवक के दूसरे संप्रदाय से होने के कारण मामला संवेदनशील हो गया और भीड़ ने उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया।
इसके बाद स्वजन भी कोतवाली पहुंचे और आरोपित युवक के खिलाफ तहरीर दी। चौधरी सराय पुलिस चौकी प्रभारी आशीष तोमर ने बताया कि मामले में नखासा थाना क्षेत्र के मुहल्ला रुकनुद्दीन सराय निवासी मुशर्रफ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।