अब चेहरा ही होगा हाजिरी का सबूत: संभल की 670 ग्राम पंचायतों में डिजिटल अटेंडेंस व्यवस्था लागू
संभल की 670 ग्राम पंचायतों में 11 जुलाई से पंचायत सहायकों के लिए फेस रिकाग्निशन आधारित डिजिटल अटेंडेंस व्यवस्था लागू होगी। यह प्रणाली फर्जी हाजिरी रोक ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक चित्र
HighLights
649 पंचायत सहायकों की हर दिन होगी डिजिटल मानिटरिंग, फर्जी हाजिरी पर लगेगी लगाम
संवाद सूत्र, रजपुरा (संभल)। अब ग्राम पंचायत सचिवालयों में पंचायत सहायकों की मौजूदगी रजिस्टर के हस्ताक्षर पर नहीं, बल्कि चेहरे की पहचान से तय होगी। ग्रामीणों को समय पर सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने और पंचायत सचिवालयों में कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए शासन ने 11 जुलाई से फेस रिकाग्निशन आधारित अटेंडेंस सिस्टम लागू करने का फैसला किया है।
इसके तहत जिले की सभी 670 ग्राम पंचायतों में कार्यरत पंचायत सहायकों को सचिवालय में लगे वेबकैम के सामने चेहरा स्कैन कराकर ही अपनी उपस्थिति दर्ज करनी होगी। चेहरे के सत्यापन के बाद ही हाजिरी मान्य होगी।
जनपद में 670 ग्राम पंचायतों के सापेक्ष 649 पंचायत सहायक तैनात हैं, जबकि 21 ग्राम पंचायतों में अभी पंचायत सहायकों के पद रिक्त हैं। नई व्यवस्था लागू होने के बाद कार्यरत सभी पंचायत सहायकों की उपस्थिति सीधे आनलाइन डैशबोर्ड पर दर्ज होगी। जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) और संबंधित सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) प्रतिदिन इसकी समीक्षा करेंगे।
किसी भी कर्मचारी की अनुपस्थिति या अनियमितता तुरंत अधिकारियों के संज्ञान में आ जाएगी। नई व्यवस्था में फील्ड में सरकारी कार्य करने वाले पंचायत सहायकों के लिए मोबाइल आधारित ऑनलाइन अटेंडेंस का विकल्प भी रहेगा। यदि किसी कर्मचारी के पास स्मार्टफोन नहीं है या तकनीकी दिक्कत आती है तो वह पंचायत सचिवालय में स्थापित वेबकैम के माध्यम से ही अपनी उपस्थिति दर्ज करा सकेगा।
इसके लिए सभी पंचायत सचिवालयों में डेस्कटाप, वेबकैम और इंटरनेट कनेक्टिविटी को सुचारु रखने के निर्देश दिए गए हैं। पंचायती राज विभाग का मानना है कि नई व्यवस्था से पंचायत सचिवालयों में जवाबदेही बढ़ेगी, फर्जी या प्राक्सी हाजिरी पर प्रभावी रोक लगेगी और कार्यालयों में कार्य संस्कृति में सुधार आएगा। इसका सीधा लाभ ग्रामीणों को मिलेगा, जिन्हें पंचायत स्तर पर मिलने वाली सेवाएं समय पर उपलब्ध हो सकेंगी।
खबरें और भी
पंचायत सचिवालय में होने वाले कार्य
ग्राम पंचायत सचिवालय ग्रामीणों के लिए सरकार का पहला सेवा केंद्र हैं। यहीं से परिवार रजिस्टर की नकल, जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र, आय, जाति व निवास प्रमाणपत्र के ऑनलाइन आवेदन, वृद्धावस्था, विधवा व दिव्यांग पेंशन, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि, राशन कार्ड, श्रमिक पंजीकरण समेत अनेक सरकारी योजनाओं से जुड़े कार्य होते हैं। ऐसे में पंचायत सहायकों की नियमित उपस्थिति से ग्रामीणों को बार-बार पंचायत सचिवालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।