यूपी के संभल में बनेंगे 4 परमानेंट हेलीपैड, VIP मूवमेंट और इमरजेंसी के लिए मास्टर प्लान तैयार
संभल जिले में वीआईपी आवाजाही और आपातकालीन स्थितियों के लिए चार ब्लॉक मुख्यालयों पर स्थायी हेलीपैड बनाए जाएंगे। लोक निर्माण विभाग ने भूमि चिह्नित कर प् ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक चित्र
HighLights
लोनिवि की ओर से मुख्यालय को भेजा गया प्रस्ताव, जल्द होगा भूमि की नापजोख का कार्य शुरू
जागरण संवाददाता, संभल। अब जिले में अब किसी भी वीआइपी मूवमेंट या किसी आपात स्थिति के लिए अस्थायी हेलीपैड बनाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। क्योंकि जल्द ही जिले में ब्लाक मुख्यालय पर स्थाई हेलीपैड का निर्माण किया जाएगा।
वैसे प्रशासन की ओर से इसके लिए आठ ब्लाक में से अभी चार ब्लाक क्षेत्र में ही भूमि को चिह्नित किया जा सका है। वहीं लोक निर्माण विभाग की ओर से हेलीपैड का प्रस्ताव बनाकर मुख्यालय को भेजा गया है। जहां से अनुमति मिलने के बाद कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
प्रथम चरण में जनपद के आठ ब्लाक क्षेत्र में से चार ब्लाक में भूमि का चयन किया गया है। जिसमें संभल तहसील क्षेत्र के ब्लाक असमोली में गांव असमोली, पंवासा ब्लाक के गांव लखनपुर, चंदौसी तहसील क्षेत्र में ब्लाक बहजोई के कस्बा बहजोई तथा गुन्नौर तहसील क्षेत्र में गुन्नौर ब्लाक के गांव असदपुर में भूमि को चिह्नित किया गया है।
शेष ब्लाक में राजस्व विभाग की ओर से भूमि की तलाश की जा रही है। वीआइपी मूवमेंट के साथ कई वार ऐसी स्थिति बन जाती है कि हवाई सेवा की जरूरत होती है। इसमें एयर एंबुलेंस सेवा भी प्रमुख रूप से शामिल है।
ऐसे में यदि स्थाई हेलीपैड होगा तो किसी भी प्रकार की आपात स्थिति या एयर एंबुलेंस के लिए किसी भी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। इससे दूर दराज क्षेत्रों तक आसानी से त्वरित मदद पहुंचाई जा सकेगी।
लोनिवि के अधिशासी अभियंता सुनील प्रकाश ने बताया कि अभी जिले में चार ब्लाक क्षेत्र में ही भूमि उपलब्ध हो सकी है। अभी चार ब्लाक का ही प्रस्ताव बनाकर मुख्यालय भेजा गया है।
यह भी पढ़ें- संभल का स्वाद अब पूरी दुनिया में! सेवईं, गजक और सोनपापड़ी को मिली 'सरकारी मुहर', जानें क्या बदलेगा?