संभल ARTO कार्यालय में 'कमीशन' को लेकर बवाल: SOG ने डाला डेरा, 4 दलाल हिरासत में लेने से मचा हड़कंप
संभल एआरटीओ कार्यालय में कमीशनबाजी को लेकर हुए विवाद के बाद एसओजी टीम ने डेरा डाल दिया है। टीम ने चार दलालों को हिरासत में लिया, जिसके बाद कार्यालय मे ...और पढ़ें

संभल एआरटीओ कार्यालय परिसर में दलालों की तलाश में खड़ी एसओजी टीम। जागरण
HighLights
अधिकारियों के निर्देश पर एसओजी टीम ने चार दलालों को हिरासत में लिया, एआरटीओ कार्यालय पर रहा सन्नाटे का माहौल
जागरण संवाददाता, संभल। ड्राइविंग लाइसेंस को लेकर कर्मचारी और वरिष्ठ सहायक के बीच हुए विवाद का निपटारा हो गया लेकिन, अब एआरटीओ कार्यालय अधिकारियों के रडार पर आ गया है। अधिकारियों के निर्देश पर एसओजी ने दलालों की धरपकड़ के लिए डेरा डाल दिया है।
सूत्रों की मानें तो कमीशनबाजी के खेल में शामिल लोगों की धरपकड़ के लिए निगहबानी की गई। मंगलवार को भी एसओजी की टीम कार्यालय पर रही, हालांकि दलाल प्रवृत्ति के लोग भूमिगत हो गए। कार्यालय पर सन्नाटे का माहौल बना रहा।

सोमवार को सुबह करीब 11.30 बजे एआरटीओ कार्यालय में वरिष्ठ सहायक विजय कुमार और लाइसेंस की पटल पर मौजूद कर्मचारी अंकित कुमार के बीच विवाद हो गया था। कहा गया कि यह विवाद ड्राइविंग लाइसेंस को लेकर रहा। वरिष्ठ सहायक ने न सिर्फ पुलिस को तहरीर दी बल्कि परिवहन आयुक्त को भी शिकायत भेजी।
वहीं अंकित कुमार की ओर से भी पुलिस को तहरीर दी गई थी। पुलिस ने भी दोनों पक्षों की तहरीर मिलने की पुष्टि की थी लेकिन बाद में मामला निपट गया। दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया मगर, एआरटीओ कार्यालय एक बार फिर आला अधिकारियों की नजर में आ गया।
खबरें और भी
सूत्रों के अनुसार, कमीशन का खेल चल रहा है, इसी के पैसों को लेकर विवाद हुआ था। इसी को लेकर अधिकारियों ने एसओजी टीम को भी लगा दिया। चर्चा है कि चार दलालों को एसओजी टीम ने पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया।

इतना ही नहीं, मंगलवार को दिन निकला तो फिर से एसओजी टीम सक्रिय हो गई। एआरटीओ कार्यालय की निगरानी की जाने लगी। दोपहर में भी एसओजी टीम एआरटीओ कार्यालय पर रही। हालांकि उस वक्त दलाल नजर नहीं आए।
कार्यालय पर दिनभर रहा सन्नाटा
एआरटीओ कार्यालय में हुए विवाद के बाद एसओजी टीम सक्रिय हुई तो कुछ दलालों को हिरासत में ले लिया गया। इसकी भनक दूसरे दलालों को लग गई। नतीजा यह रहा कि मंगलवार को दलाल एआरटीओ कार्यालय पर जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। जिस कार्यालय पर सुबह से शाम तक रौनक रहती थी, वहां सन्नाटे का माहौल नजर आया।
एसओजी टीम ने की पूछताछ तो बजने लगी मोबाइल फोन की घंटी
एआरटीओ कार्यालय प्रकरण में लगी एसओजी टीम ने दलालों से पूछताछ शुरू की। जिसकी जानकारी दलालों के संपर्क में रहने वाले असरदार लोगों को हो गई।
फिर क्या था, एसओजी टीम में शामिल कर्मियों के मोबाइल फोन की घंटी भी बजने लगी। कुछ सिफारिशें ऐसी रहीं जिन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता था। ऐसे में एसओजी टीम को एक-दो दलालों को छोड़ना भी पड़ा।
हम भी चाहते हैं कि कार्यालय का वातावरण साफ-स्वच्छ रहे। कर्मचारियों के बीच में जो विवाद हुआ था। उसकी विभागीय जांच कराई जाएगी। जाे सही पाया जाएगा। उसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
- अभिताभ चतुर्वेदी, एआरटीओ, संभल।
यह भी पढ़ें- 'मदद' का नाटक कर उड़ाए थे डेढ़ लाख रुपये, संभल में पुलिस की गोली खाते ही शातिर नईम की ठंडी हुई हेकड़ी