संभल में बड़ी कार्रवाई: ग्राम समाज की जमीन पर बनी अवैध ईदगाह और कब्रिस्तान पर चला प्रशासन का बुलडोजर
संभल के मढ़न गांव में राजस्व विभाग ने ग्राम समाज की भूमि पर बने अवैध ईदगाह और कब्रिस्तान को बुलडोजर से ध्वस्त कर कब्जामुक्त कराया। यह कार्रवाई तहसीलदा ...और पढ़ें

अवैध निर्माण को गिराता बुलडोजर
जागरण संवाददाता, संभल। असमोली ब्लाक क्षेत्र के गांव मढ़न में राजस्व विभाग ने ग्राम समाज की भूमि पर किए गए अवैध कब्जे के खिलाफ कार्रवाई की। तहसीलदार न्यायालय और एसडीएम न्यायिक के आदेश के बाद राजस्व टीम ने पुलिस बल और आरएफएफ की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर अवैध ईदगाह व कब्रिस्तान पर बने निर्माण को हटाते हुए भूमि को कब्जामुक्त कराया। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
गांव मढ़न में गाटा संख्या 208, रकबा 0.0070 हेक्टेयर कब्रिस्तान की भूमि के संबंध में उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता-2006 की धारा 67 के तहत तहसीलदार न्यायालय से बेदखली का आदेश पारित किया गया था।
वहीं गाटा संख्या 393, रकबा 0.207 हेक्टेयर में से 0.128 हेक्टेयर भूमि के संबंध में धारा 134 के तहत एसडीएम न्यायिक ने आठ जुलाई को आदेश जारी किए थे। आदेशों के अनुपालन के लिए तहसीलदार धीरेंद्र प्रताप सिंह ने राजस्व टीम का गठन किया।
टीम के प्रभारी नायब तहसीलदार दीपक कुमार जुरैल और नायब तहसीलदार शुभम प्रताप सिंह को बनाया गया। उनके साथ दो राजस्व निरीक्षक और आठ लेखपाल भी कार्रवाई में शामिल रहे। राजस्व टीम ने मंगलवार को मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की।
निरीक्षण के बाद ग्राम समाज की भूमि पर बने अवैध ईदगाह और कब्रिस्तान को बुलडोजर की मदद से हटाकर निर्माण को ध्वस्त कराया और कब्जामुक्त करा लिया गया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए गए थे।
मौके पर दो थाना प्रभारी, करीब 60 पुलिसकर्मी तथा आरएफएफ के जवान तैनात रहे। प्रशासन की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति नहीं बनी। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार धीरेंद्र प्रताप सिंह, राजस्व निरीक्षक चंद्रपाल सिंह आदि राजस्व विभाग की पूरी टीम मौजूद रही।