उड़े ड्रोन, गूंजा ढोल: साठा के साम्राज्य पर चला कानून का डंडा, 2 करोड़ की जमीन पर बनेगा पुलिस ऑफिस
संभल में अंतरराष्ट्रीय वाहन चोर और जामा मस्जिद हिंसा के मास्टरमाइंड शारिक साठा के पैतृक घर पर पुलिस ने ड्रोन ...और पढ़ें

घर के बाहर ढोल बजवाती पुलिस
संवाद सहयोगी, जागरण, संभल। अंतरराष्ट्रीय वाहन चोर और जामा मस्जिद हिंसा का मास्टरमाइंड शारिक साठा कभी जिस छोटे से कमरे में रहता था, वहीं से उसने अपराध की दुनिया की नींव रखी। दीपा सराय के अंजुमन तिराहे से आगे पजाया मुहल्ले में स्थित 210 गज का यह मकान उसकी मां के नाम है।
शुरुआत में यह मकान कच्चा था, जिसे बाद में चारों भाइयों ने मिलकर पक्का कराया और दो मंजिल तक खड़ा किया। चार भाइयों में शारिक साठा सबसे बड़ा था। उसके बाद फाईक, मौलाना सादिक और सबसे छोटा भाई आजम है। जिस मकान का हिस्सा पुलिस ने कुर्क किया है, उसी में वर्तमान में फाईक अपनी पत्नी जिकरा और तीन बच्चों के साथ रहते हैं।
मृतक मौलाना सादिक की पत्नी फिरदौस अंजुम भी अपने तीन बच्चों के साथ इसी मकान में रहती रही हैं। करीब नौ वर्ष पहले तक शारिक साठा इसी मकान में रहता था और यही से आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देता था। सीमित संसाधनों और तंग जगह के बावजूद उसने अपराध का ऐसा जाल बुना, जो आगे चलकर बड़े अपराधिक मामलों और अंतरराष्ट्रीय वाहन चोरी तक जा पहुंचा।
साठा की पत्नी के नाम के प्लाट की हुई थी कुर्की, बनेगा सीओ दफ्तर
साठा ने अवैध रूप से धन अर्जित कर अपनी पत्नी गुलेरोशन के नाम से और उसके साथी व साढ़ू सिकंदर ने अपनी पत्नी सजा परवीन के नाम से तुर्तीपुर इल्हा में 268 वर्गगज भूमि खरीदी थी। यह संपत्ति हसनपुर रोड पर प्राइम लोकेशन पर स्थित थी, जिसकी बाजार कीमत करीब 2.31 करोड़ रुपये है। यह भूमि वर्ष 2011 में गैंग्स्टर एक्ट के तहत निरुद्ध करते हुए कुर्क हुई थी।
उस दौरान जिलाधिकारी न्यायालय ने इस संपत्ति को जब्त कर लिया था। इसके बावजूद दोनों महिलाओं को कई बार यह साबित करने का अवसर दिया गया था कि यह संपत्ति वैध रूप से अर्जित की गई है, लेकिन कोई ठोस साक्ष्य प्रस्तुत न किए जाने पर एडीजे गैंग्स्टर एक्ट कोर्ट ने धारा 15 के अंतर्गत इसे सरकार में निहित करने का आदेश सुना दिया था।
अब यह भूमि प्रशासन के अधीन है। वर्तमान में वहां एक कमरे का पुलिस चेक पोस्ट बना हुआ है। मगर, इस भूमि को अब पुलिस विभाग के लिए आवंटित करने की प्रक्रिया चल रही है। फिर इस पर सीओ कार्यालय बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा।
हिंसा में शारिक साठा और उसके करीबियों से जुड़ी कार्रवाइयां
- 26 नवंबर 2024 को शारिक साठा के गुर्गे मुल्ला अफरोज, गुलाम और वारिस के खिलाफ प्राथमिकी।
- 13 फरवरी 2025 को शारिक साठा की पत्नी गुलेरोशन से पूछताछ।
- 20 फरवरी 2025 को मुल्ला अफरोज, गुलाम की गिरफ्तारी।
- 21 फरवरी 2025 शारिक साठा पर प्राथमिकी।
- 25 अप्रैल 2025 को शारिक साठा, मुल्ला अफरोज, गुलाम के खिलाफ कोर्ट में चार्टशीट दाखिल।
- 16 अक्टूबर 2025 को शारिक साठा के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी।
- 17 अक्टूबर 2025 को गुलाम, अफरोज और वारिस के खिलाफ एनएसए की कार्रवाई।
- 25 अक्टूबर 2025 को एसआइटी ने शारिक साठा के खिलाफ न्यायालय के उद्घोषणा आदेश तामील करा एक महीने में आत्मसमर्पण करने का समय दिया था।
- 30 नवंबर 2025 को पुलिस ने शारिक साठा के मकान पर कुर्की की उद्घोषणा का नोटिस चस्पा किया था।
- 20 जनवरी 2026 को न्यायालय ने शारिक साठा के मकान की कुर्की का आदेश जारी किया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।