संभल के सौंधन किले के अतिक्रमण से विस्थापित 21 परिवारों को मिले जमीन के पट्टे, खिले चेहरे
संभल के सौंधन किले के अतिक्रमण से विस्थापित हुए 21 परिवारों को प्रशासन ने भूमि पट्टे वितरित किए, जिससे उनके चेहरे खुशी से खिल उठे।

सौंधन में पट्टों की भूमि सौंपने के दौरान मौजूद ग्रामीण
HighLights
21 परिवारों को सौंधन किले के अतिक्रमण से विस्थापित किया गया।
प्रशासन ने विस्थापितों को 100-100 वर्ग मीटर भूमि पट्टे दिए।
विधवाओं को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर मिलेंगे।
जागरण संवाददाता, संभल। गांव सौंधन में करीब 400 वर्ष पुराने ऐतिहासिक गेट वे आफ सराय किले के जीर्णोद्धार के दौरान अतिक्रमण की जद में आए मकानों को ध्वस्त किए जाने के बाद विस्थापित हुए 21 परिवारों को गुरुवार को प्रशासन ने भूमि पट्टे उपलब्ध करा दिए। कुछ लोगों ने प्रशासन की कार्रवाई से पहले स्वयं ही अपने मकान तोड़ लिए थे।
किले का सुंदरीकरण होने के साथ ही गुरुवार को कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष, एसडीएम ने लोगों को पट्टों के प्रमाण पत्र वितरित कर दिए। भूमि भी चिह्नित करा दी गई। भूमि के पट्टे मिलने से लोगों के चेहरे खिल उठे।
जनवरी 2025 में तत्कालीन डीएम डा.राजेंद्र पेंसिया और एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने गांव सौंधन में शाहजहां काल में 1645 ईसवीं मेें 3600 वर्ग मीटर जमीन में बने ऐतिहासिक किले का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान किले की भूमि का अतिक्रमण और जर्जर स्थिति सामने आई थी। इसके बाद किले के सुंदरीकरण और अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे।
कुछ लोगों ने खुद ही अतिक्रमण हटा लिया था। प्रशासन ने लोगों को 100-100 वर्ग मीटर भूमि के पट्टे देने की प्रक्रिया शुरू की। गुरुवार को भाजपा जिलाध्यक्ष हरेंद्र सिंह रिंकू, एसडीएम विकास चंद्र, तहसीलदार धीरेंद्र कुमार, नायब तहसीलदार शुभम प्रताप सिंह, प्रशासक अरविंद कुमार की मौजूदगी में 21 परिवारों को भूमि पट्टे के प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इसके साथ ही आवंटित भूमि का चिन्हीकरण भी कराया गया।
बताया गया कि नेम सिंह, जोगेंद्र, शांति, वीर सिंह, कमला, प्रभा देवी, भोला देवी, राम स्नेही, हरपाल, शीशराम सिंह, जमुना सिंह, राकेश, कृष्ण गोपाल, राजपाल, कोमल सिंह, निहाल सिंह, किरन पाल, रामरहीस, सोमपाल, सुरेश और जयपाल को भूमि के पट्टे वितरित किए गए हैं। बता दें कि प्रशासक और लेखपाल की सूची में 24 लोगों के नाम थे।
इनमें से केहर सिंह, अमरपाल, ओमपाल, भारत और जगपाल को अपात्र पाए जाने पर नाम हटा दिए गए जबकि सुरेश और जयपाल के नाम अलग से बढ़ाए गए। एसडीएम ने बताया कि 21 लोगों को पट्टे दिए गए हैं। पात्रों में विधवा भोला देवी, राम स्नेही, कमला, शांति और प्रभादेवी के पट्टे की भूमि पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास बनवाया जाएगा।
