संतकबीरनगर में जल्द शुरू होगा CCU का निर्माण, भूमि उपलब्ध होने से 27 करोड़ की परियोजना को मिली रफ्तार
लंबे समय से लंबित क्रिटिकल केयर यूनिट (सीसीयू) के निर्माण को आखिरकार गति मिल गई है। करीब डेढ़ वर्ष से भूमि न मिलने के कारण परियोजना रुकी हुई थी, लेकिन ...और पढ़ें

HighLights
अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर यूनिट के निर्माण के लिए डीएम ने विशेष प्रयास कर दिलाई भूमि
पोस्मार्टम हाऊस पास स्थित वन विभाग के पौधशाला के एक हिस्से पर होगा निर्माण
स्वास्थ्य विभाग के नाम हुई यह भूमि, चार मंजिला होगा क्रिटिकल केयर यूनिट
जागरण संवाददाता, संतकबीरनगर। लंबे समय से लंबित क्रिटिकल केयर यूनिट (सीसीयू) के निर्माण को आखिरकार गति मिल गई है। करीब डेढ़ वर्ष से भूमि न मिलने के कारण परियोजना रुकी हुई थी, लेकिन अब पोस्टमार्टम हाउस के पास वन विभाग की नर्सरी के उत्तरी छोर की जमीन उपलब्ध होने से निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। करीब 27 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस यूनिट के लिए कार्यदाई संस्था सीएंडडीएस ने डीपीआर तैयार कर एनएचएम को भेज दी है। मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
जनपदवासियों को गंभीर रोगों और दुर्घटनाग्रस्त मरीजों के इलाज के लिए गोरखपुर, लखनऊ जैसे शहरों पर निर्भर रहना पड़ता था। सीसीयू बनने के बाद यह समस्या काफी हद तक दूर होगी। स्वास्थ्य विभाग और निर्माण संस्था द्वारा जिला अस्पताल परिसर में पहले जमीन तलाश की गई थी, लेकिन मानक के अनुसार भूमि न मिलने से प्रस्ताव आगे नहीं बढ़ सका। बाद में सीएमओ डॉ. रामानुज कन्नौजिया ने विषय की जानकारी डीएम आलोक कुमार को दी, जिन्होंने शीघ्र ही उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था। यह अब पूरा हो गया है। निर्मित होने वाला यह विंग 45 मीटर चौड़ा और 56 मीटर लंबा तथा चार मंजिला होगा।
क्रिटिकल केयर यूनिट में मिलेंगी ये सुविधाएं
अत्याधुनिक वेंटिलेटर
डायलिसिस मशीन
हृदय निगरानी उपकरण
अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे और सीटी स्कैन
आईवी दवाएं एवं तरल पदार्थ
पोषण सहायता
सिडेशन एवं दर्द निवारण दवाएं
घाव व सर्जिकल केयर
24×7 मरीज मॉनिटरिंग
अत्यधिक प्रशिक्षित डॉक्टरों की टीम
संक्रामक रोगियों के लिए अलग आइसोलेशन रूम
अन्य उन्नत चिकित्सकीय सुविधाएं
सीएमओ डॉ. रामानुज कन्नौजिया ने बताया कि क्रिटिकल केयर यूनिट के लिए भूमि विभाग के नाम कर दी गई है। पोस्टमार्टम हाउस के पास वन विभाग की पौधशाला का कुछ हिस्सा लिया गया है। संस्था ने पैमाइश पूरी कर ली है, निर्माण शीघ्र शुरू हो जाएगा।
खबरें और भी
कार्यदाई संस्था को जल्द काम शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। क्रिटिकल केयर यूनिट के बन जाने से जिले के राेगियों को बड़ी राहत मिलेगी।- आलोक कुमार, डीएम