अयोध्या से उठेगा सरयू जल, 5 दिनों के लिए बदला गोरखपुर-लखनऊ फोरलेन का रास्ता
अयोध्या मार्ग पर शिवभक्तों की भीड़ बढ़ गई है, जो सरयू जल लेकर बाबा भद्रेश्वरनाथ और तामेश्वरनाथ धाम में जलाभिषेक करेंगे। सुरक्षा के मद्देनजर गोरखपुर-लख ...और पढ़ें

11 अगस्त तक लागू रहेगा डायवर्जन। जागरण
HighLights
शिवभक्त सरयू जल लेने अयोध्या मार्ग पर निकले।
बाबा भद्रेश्वरनाथ और तामेश्वरनाथ धाम में जलाभिषेक करेंगे।
गोरखपुर-लखनऊ फोरलेन पर 11 अगस्त तक डायवर्जन लागू।
जागरण संवाददाता, बस्ती/संतकबीरनगर। श्रावण के दूसरे सोमवार को जलाभिषेक के लिए सरयू नदी का जल लेने शिवभक्तों का उत्साह सड़क पर दिखाई देने लगा है। शुक्रवार शाम से ही कांवड़िए जत्थों में घरों से निकलकर अयोध्या की ओर रवाना होने लगे। इस दौरान फोरलेन पर हर हर महादेव और बोल बम के जयघोष गूंजते रहे। शनिवार तक कांवड़ियों की संख्या और बढ़ने की संभावना है।
संतकबीरनगर से बड़ी संख्या में शिवभक्त अयोध्या पहुंचकर सरयू का पवित्र जल भरेंगे। वापसी में वे बस्ती स्थित बाबा भद्रेश्वरनाथ मंदिर में जलाभिषेक करेंगे और सोमवार को बाबा तामेश्वरनाथ धाम पहुंचकर भगवान शिव का अभिषेक करेंगे। वहीं शनिवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु बिढहरघाट से भी जल लेकर बाबा बैजूनाथ धाम और तामेश्वरनाथ धाम पहुंचेंगे।
कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। यात्रा मार्ग पर खाद्य एवं औषधि सुरक्षा विभाग की टीमें खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच कर रही हैं। जगह जगह विश्राम स्थल, पेयजल, शौचालय और राहत शिविर बनाए गए हैं। फोरलेन किनारे खाली भवनों और विद्यालयों को भी अस्थायी शिविर के रूप में तैयार किया गया है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु यातायात के लिए शुक्रवार रात आठ बजे से 11 अगस्त की रात 12 बजे तक गोरखपुर-लखनऊ फोरलेन पर भारी वाहनों का डायवर्जन लागू कर दिया गया है। मगहर, टेमा रहमत, मेंहदावल बाईपास और बिड़हरघाट सहित कई स्थानों पर बैरियर लगाकर ट्रक, डीसीएम, ट्रैक्टर और अन्य भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जा रहा है।
खबरें और भी
प्रशासन ने प्रत्येक बैरियर पर पुलिस और यातायात कर्मियों की तैनाती की है। अधिकारियों ने वाहन चालकों से निर्धारित डायवर्जन का पालन करने और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है, ताकि कांवड़ यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
यह भी पढ़ें- बस्ती में पांच दिन तक मोर्चरी में पड़ा रहा शव, अंतिम दर्शन को नहीं आया बेटा
रूट डायवर्जन
- गोरखपुर से आने वाले वाहन चौकी मगहर से घघसरा, बखिरा और बांसी होते हुए अपने गंतव्य जाएंगे।
- बंजरिया की ओर से आने वाले वाहन भड़कुलवा रेलवे क्रॉसिंग, मैनसिर, गिठनी, तुंगपार, मोलनापुर, सोनबरसा-हरनही होते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे लिंक रोड से लखनऊ जाएंगे।
- खलीलाबाद से लखनऊ जाने वाले वाहन सोनी होटल से मेंहदावल बाईपास, बखिरा और बांसी होकर आगे जाएंगे।
- धनघटा से लखनऊ जाने वाले वाहन धनघटा से अंबेडकरनगर होते हुए अपने गंतव्य को जाएंगे।
- खलीलाबाद से लखनऊ की ओर जाने वाले अन्य वाहन मेंहदावल बाईपास, बखिरा, बांसी, जोगिया उदयपुर, सनई चौराहा, चिल्हिया, शोहरतगढ़, बढ़नी, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर और गोंडा होकर जाएंगे।
- मेंहदावल-नंदौर से बस्ती जाने वाले वाहन नंदौर से बांसी होकर आगे बढ़ेंगे।
- धनघटा-पौली-कलवारी मार्ग से बस्ती की ओर जाने वाले वाहनों को बस्ती सीमा से आगे नहीं जाने दिया जाएगा।
- महुली मेन चौराहा से बस्ती जाने वाले वाहन भी बस्ती सीमा पर ही रोक दिए जाएंगे।