अवैध मिट्टी खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली और लोडर सीज; छापेमारी से मचा हड़कंप
मेंहदावल में अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ पुलिस और राजस्व विभाग ने संयुक्त कार्रवाई की। इस दौरान तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक लोडर को जब्त कर सीज किया गया, ज ...और पढ़ें

HighLights
पुलिस व राजस्व विभाग की संयुक्त कार्रवाई।
तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक लोडर सीज।
अवैध खनन करने वालों में मचा हड़कंप।
जागरण संवाददाता, मेंहदावल। दैनिक जागरण में दो दिन पूर्व प्रकाशित अवैध मिट्टी खनन से राजस्व क्षति संबंधी खबर का असर देखने को मिला। तहसील क्षेत्र में पुलिस व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने मंगलवार की देर रात और बुधवार की सुबह सघन अभियान चलाकर अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान अवैध खनन करते तीन ट्रैक्टर-ट्राली व लोडर को पकड़ने के बाद सीज कर दिया।
एसडीएम अरुण कुमार के निर्देश पर तहसीलदार अल्पिका वर्मा, सीओ मेंहदावल सर्वदवन सिंह व थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। सूचना पर पहुंची टीम ने मौके से मिट्टी लदी दो ट्रैक्टर-ट्राली बरामद की, जिनके चालक वैध कागजात नहीं दिखा सके। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले जेसीबी चालक मशीन लेकर फरार हो गया। इसी क्रम में बुधवार को ददरा गांव से एक लोडर को सीज किया गया, जबकि एक अन्य ट्राली तकनीकी खराबी के कारण थाने नहीं लाई जा सकी। नायब तहसीलदार प्रियंका तिवारी ने बेलहर के लोहरौली के पास से भी एक ट्रैक्टर-ट्राली पकड़कर सीज कर दिया और पुलिस को सौंप दिया।
सीओ सर्वदवन सिंह ने कहा कि अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। तहसीलदार अल्पिका वर्मा ने चेतावनी दी कि बिना अनुमति खनन करने वालों के खिलाफ खनन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई होगी। थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है। वहीं, एक मामले में वैध कागजात दिखाने पर वाहन को छोड़ दिया गया। अचानक हुई कार्रवाई से अवैध खनन में लगे लोगों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों के अनुसार, बराखाल व आसपास के क्षेत्रों में रात के समय बड़े पैमाने पर मिट्टी खनन कर ट्रैक्टर-ट्राली से ढुलाई की जा रही थी। प्रशासन ने मामले की रिपोर्ट जिला खनन अधिकारी को भेज दी है।
एसडीएम अरुण कुमार ने बताया कि तहसील क्षेत्र के सभी राजस्व निरीक्षकों और लेखपालों को अवैध खनन रोकने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस कर्मियों को भी सहयोग के लिए लगाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।