संतकबीर नगर में आंधी के चार दिन बाद भी 30 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप, परेशान हो रहे लोग
संतकबीर नगर में तेज आंधी के चार दिन बाद भी करीब 30 गांवों में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई है। मरम्मत कार्य में सामग्री की कमी बाधा बन रही है, जिससे ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
तेज आंधी से 30 गांवों में बिजली आपूर्ति ठप।
मरम्मत कार्य में सामग्री की कमी बनी बाधा।
अधिकारियों ने रात तक बहाली का दिया आश्वासन।
जागरण संवाददाता, संतकबीर नगर। ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली व्यवस्था चार दिन पहले आई तेज आंधी के बाद अब तक पूरी तरह पटरी पर नहीं लौट सकी है। विभिन्न क्षेत्रों के करीब 30 गांवों में अब भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई है। आरोप है गिरे पोल और टूटे तार बदलने के लिए लगे कर्मियों को स्टोर से पर्याप्त सामग्री नहीं मिल पा रही है, जिससे बहाली कार्य प्रभावित हो रहा है।
तेज आंधी के कारण जिले में 100 से अधिक कंक्रीट पोल और 30 से अधिक ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए थे। इसके चलते करीब 80 गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। सबसे अधिक असर धनघटा तहसील क्षेत्र के गांवों में पड़ा था। वहीं खलीलाबाद शहर के मेंहदावल बाईपास, शुगरमिल रोड, पुरानी सब्जी मंडी समेत कई इलाकों में भी बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी। विभागीय कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद पहले शहरी क्षेत्रों की आपूर्ति बहाल की, इसके बाद ग्रामीण क्षेत्रों में मरम्मत कार्य शुरू किया गया।
मेंहदावल डिवीजन के करीब 30 गांव प्रभावित हुए थे, जिनमें से 25 गांवों की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है। हालांकि कुछ गांवों में अब भी बहाली कार्य जारी है। वहीं धनघटा डिवीजन के करीब 10 गांवों में टूटे पोल और क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर बदलने का कार्य विभागीय कर्मचारियों और ठेकेदारों की मदद से किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- संतकबीर नगर में पेट्रोल-डीजल का संकट गहराया, 15 पंप सूखे, लोग परेशान
पूर्व में लगाए गए एबीसी केबल को बदलने में सबसे अधिक परेशानी आ रही है। स्टोर में प्लास्टिक युक्त एबीसी केबल सीमित मात्रा में उपलब्ध होने के कारण मांग के अनुसार सामग्री नहीं मिल पा रही है, जिससे मरम्मत कार्य में देरी हो रही है।
अधिशासी अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि कुछ गांवों में बिजली आपूर्ति अब तक बहाल नहीं हो सकी है। इसके लिए जेई, एसडीओ और ठेकेदारों को लगाया गया है तथा रात तक सभी गांवों में आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।