संत कबीर नगर में चार करोड़ से बिधियानी-मुखलिसपुर सड़क का होगा निर्माण, आवागमन होगा बेहतर
संत कबीर नगर के खलीलाबाद में बिधियानी से मुखलिसपुर रोड तक जर्जर सड़क का जल्द ही चार करोड़ रुपये की लागत से निर्माण होगा। इस परियोजना की स्वीकृति प्रक् ...और पढ़ें

चार करोड़ से संवारी जाएगी बिधियानी-मुखलिसपुर मार्ग।
HighLights
बिधियानी-मुखलिसपुर सड़क का चार करोड़ से होगा निर्माण।
जर्जर सड़क के निर्माण से आवागमन होगा सुगम।
परियोजना की स्वीकृति प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
जागरण संवाददाता, संत कबीर नगर। खलीलाबाद शहर के बिधियानी मोहल्ले से मुखलिसपुर रोड तक जाने वाली जर्जर सड़क की तस्वीर जल्द बदलने वाली है। करीब चार करोड़ रुपये की लागत से इस सड़क के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। खलीलाबाद विधायक की पहल पर नगर पालिका परिषद ने प्रस्ताव तैयार कर जिलाधिकारी के माध्यम से नगर विकास विभाग को भेजा था, जिस पर स्वीकृति की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
सड़क का निर्माण होने के बाद रेलवे स्टेशन, बिधियानी, गौसपुर और मुखलिसपुर रोड के बीच आवागमन काफी सुगम हो जाएगा। प्रतिदिन इस मार्ग से गुजरने वाले स्कूली बच्चों, रेलवे यात्रियों और स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। वर्तमान में सड़क की स्थिति बेहद खराब है।
जगह-जगह गड्ढे और उखड़ी सड़क के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों ने कई बार प्रदर्शन कर सड़क निर्माण की मांग उठाई थी। नगर पालिका और जनप्रतिनिधियों को भी कई बार ज्ञापन दिए गए, लेकिन वर्षों तक सड़क का निर्माण नहीं हो सका।
नगर पालिका परिषद खलीलाबाद के अधिशासी अधिकारी (ईओ) अवधेश कुमार भारती ने बताया कि बिधियानी-मुखलिसपुर मार्ग के निर्माण के लिए करीब चार करोड़ रुपये का प्राक्कलन नगर विकास विभाग को भेजा गया था।
प्रस्ताव अंतिम चरण में है। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।