Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    संतकबीर नगर में छात्र की बेल्ट से पिटाई का वीडियो वायरल, चार युवकों पर कार्रवाई की मांग

    Updated: Fri, 07 Aug 2026 02:12 PM (IST)

    संतकबीर नगर में कक्षा आठ के एक छात्र की बेल्ट से पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। छात्र के परिजनों ने चार युवकों के खिलाफ श ...और पढ़ें

    रेलवे ट्रैक के पास ले जाकर मारपीट करने का आरोप। सांकेतिक तस्वीर

    रेलवे ट्रैक के पास ले जाकर मारपीट करने का आरोप। सांकेतिक तस्वीर

    HighLights

    1. कक्षा आठ के छात्र की बेल्ट से पिटाई का वीडियो वायरल।

    2. पुलिस ने चार युवकों के खिलाफ शिकायत दर्ज कर जांच शुरू की।

    3. मारपीट का कारण अभी स्पष्ट नहीं, पुलिस कर रही है पड़ताल।

    जागरण संवाददाता, संतकबीर नगर। कक्षा आठ के छात्र के साथ मारपीट का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। करीब 51 सेकेंड के प्रसारित वीडियो में एक युवक छात्र को थप्पड़ों और बेल्ट से पीटता दिखाई दे रहा है, जबकि आसपास मौजूद अन्य लोग तमाशबीन बने खड़े हैं। वीडियो सामने आने के बाद छात्र के परिजनों ने चार युवकों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

    कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के धोबी टोला निवासी राजेंद्र प्रसाद कन्नौजिया ने कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि उनका पुत्र प्रियांशु कक्षा आठ का छात्र है। आरोप है कि कुछ दिन पहले बजरंग नगर मोहल्ले के चार युवक उसे घर से बुलाकर गायत्री मंदिर के पीछे रेलवे ट्रैक के पास ले गए, जहां उसके साथ हाथ और बेल्ट से मारपीट की गई।

    आरोपितों ने घटना का वीडियो भी बनाया और किसी से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। गुरुवार को यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद परिजन कोतवाली पहुंचे और पुलिस को तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

    परिजनों का दावा है कि वीडियो में दिखाई दे रहा छात्र उनका पुत्र प्रियांशु है। पुलिस के अनुसार प्रसारित वीडियो पांच-छह दिन पुराना बताया जा रहा है। हालांकि मारपीट की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

    यह भी पढ़ें- कांवड़ यात्रा: बस्ती-अयोध्या फोरलेन पर आज से 11 अगस्त तक वाहनों का आवागमन बंद

    जय प्रकाश दुबे, प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। तहरीर प्राप्त हुई है। वीडियो की जांच कराई जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

    खबरें और भी