संतकबीर नगर में बोलेरो सवार दंपती समेत तीन पर हमला, चार नामजद समेत पांच के खिलाफ मुकदमा
संतकबीर नगर में बोलेरो से ससुराल जा रहे एक युवक, उसकी पत्नी और साले पर हमला हुआ, जिसमें पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने चार नामजद समेत एक अज्ञ ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
बोलेरो से ससुराल जा रहे परिवार पर हमला।
हमले में युवक की पत्नी गंभीर घायल, बेहोश।
चार नामजद सहित पांच पर मुकदमा दर्ज।
जागरण संवाददाता, धनघटा, (संतकबीरनगर)। बोलेरो वाहन से ससुराल जा रहे एक युवक, उसकी पत्नी और साले के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में युवक की पत्नी गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद समेत एक अज्ञात आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मझौरा गांव निवासी अंकित पाण्डेय पुत्र गणेश पाण्डेय ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 28 मई की रात करीब नौ बजे वह अपनी पत्नी नंदिनी, साले गोपाल और दो वर्षीय पुत्र टिल्लू के साथ बोलेरो वाहन से ससुराल जा रहे थे।
मूड़ाडीहा पुल के पास पहुंचने पर वह वाहन रोककर पेशाब करने के लिए बंधे की ओर चले गए। अंकित के अनुसार, पास स्थित एक बाग से कुछ लोगों की आवाज सुनकर वह वहां पहुंचे तो बाग में मौजूद गांव के ही हरिपाल, राजेश, शीला, प्रभावती तथा एक अज्ञात व्यक्ति उन्हें देखते ही गाली-गलौज करने लगे और हमला कर दिया।
जान बचाकर वह वापस बोलेरो के पास पहुंचे, लेकिन आरोपित वहां भी पहुंच गए। पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने उनकी पत्नी और साले को वाहन से खींचकर नीचे उतार लिया और दोनों के साथ मारपीट की। हमले में उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गई।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- संतकबीर नगर पुलिस में बड़ा फेरबदल, कानून-व्यवस्था सुधारने को 10 अधिकारी बदले
आरोप है कि हमलावरों ने महिला के साथ बदसलूकी भी की। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और किसी तरह बीच-बचाव कराया। आरोप है कि जाते समय हमलावरों ने बोलेरो में भी तोड़फोड़ की और जान-माल की धमकी देते हुए फरार हो गए।
पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर चार नामजद और एक अज्ञात आरोपित के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।