संतकबीर नगर में सड़क हादसे में हुई महिला की मौत, अज्ञात बाइक सवार पर दर्ज हुआ केस
संतकबीर नगर में सड़क हादसे में एक महिला की मौत के मामले में खलीलाबाद पुलिस ने अज्ञात मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। 24 जुलाई 2026 को दे ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
सड़क दुर्घटना में 59 वर्षीय महिला की मौत।
अज्ञात मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज।
पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही।
जागरण संवाददाता, संतकबीर नगर। कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने तीन दिन पूर्व सड़क दुर्घटना में हुए एक महिला की मौत के मामले में अज्ञात मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। देवरिया गंगा निवासी समसुद्दीन शेख पुत्र सिद्दीक शेख ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी 59 वर्षीय माता पुटका पत्नी सिद्दीक शेख 24 जुलाई 2026 को दोपहर करीब ढाई बजे खेत में खाद डलवाने जा रही थीं।
जैसे ही वह देवरिया गंगा स्थित संस्कृत पाठशाला के पास धनघटा-खलीलाबाद मार्ग पर पहुंचीं, तभी तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रहे एक अज्ञात मोटरसाइकिल चालक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। भागते समय उसका मोबाइल फोन घटनास्थल पर गिर गया, जिसे स्थानीय लोगों ने सुरक्षित रखकर परिजनों को सौंप दिया।
गंभीर रूप से घायल महिला को पहले नाथनगर अस्पताल ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल और बाद में मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई थी। कोतवाली प्रभारी जय प्रकाश दुबे ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात मोटरसाइकिल चालक के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।