Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    संतकबीर नगर में नौकरी दिलाने के नाम पर युवक से 5.24 लाख की ठगी, जालसाजों ने कॉलेज में कराई फर्जी ट्रेनिंग

    Updated: Fri, 03 Jul 2026 02:49 PM (IST)

    संतकबीर नगर में नौकरी दिलाने के नाम पर एक युवक से 5.24 लाख रुपये की ठगी की गई और जातिसूचक गालियां देकर धमकाया गया। ...और पढ़ें

    प्रतीकात्मक तस्वीर

    प्रतीकात्मक तस्वीर

    HighLights

    1. नौकरी दिलाने के नाम पर युवक से 5.24 लाख रुपये ठगे।

    2. फर्जी आईडी कार्ड और ट्रेनिंग कराकर की गई धोखाधड़ी।

    3. पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी, जातिसूचक गालियां दीं।

    जागरण संवाददाता, संतकबीर नगर। नौकरी का झांसा देकर युवक से 5.24 लाख रुपये ठगने और जातिसूचक गालियां देकर धमकाने का मामला सामने आया है। आरोपित ने पहले ब्लॉक कोऑर्डिनेटर और फिर मंडल कोऑर्डिनेटर बनाने के नाम पर किस्तों में रकम वसूली। फर्जी आईडी कार्ड देकर बखिरा में ट्रेनिंग भी कराई।

    पैसे वापस मांगने पर आरोपित ने थाने के सामने ही पीड़ित को जान से मारने की धमकी दी। कोर्ट के आदेश पर मेंहदावल पुलिस ने आरोपित पर ठगी, जालसाजी आदि की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।

    मामला मेंहदावल थाना क्षेत्र के ग्राम मईला गांव का है। पुलिस को दी तहरीर में पीड़ित रामनिवास पुत्र रामनयन निवासी मईला ने बताया कि नई बाजार मेंहदावल निवासी शमसाद अहमद पुत्र कुतुबुद्दीन ने जन स्वास्थ्य प्रोग्राम फार्म संस्था की मिलीभगत से उसे झांसे में लिया।

    कॉलेज में कराई फर्जी ट्रेनिंग

    आरोप है किशमसाद ने रामनिवास को ब्लॉक कोऑर्डिनेटर के पद पर नौकरी दिलाने का झांसा दिया। इसके लिए पहली किस्त में 75, हजार रुपये नकद लिए। रामनिवास ने यह रकम अपने बड़े भाई की पत्नी के नाम उत्कर्ष स्माल फाइनेंस से लोन लेकर दी। इसके बाद आरोपित ने फर्जी आईडी कार्ड देकर बखिरा के अमरशहीदा इंटर कॉलेज में फर्जी तरीके से ट्रेनिंग कराई।

    ट्रेनिंग के बाद शमसाद ने कहा कि 49,500 रुपये और दो तो जिला कोऑर्डिनेटर बना दूंगा। पीड़ित ने कुछ रकम खुद और कुछ सहयोगियों से उधार लेकर ऑनलाइन दे दी। इसके बाद आरोपित ने गोरखपुर मंडल कोऑर्डिनेटर का पद खाली होने का झांसा दिया। इसके लिए 2.50 लाख रुपये मांगे और कहा कि मासिक वेतन 52 हजार रुपये मिलेगा।

    खबरें और भी

    रामनिवास ने रिश्तेदारों व सहयोगियों से मदद मांगकर आरोपी को 2.50 लाख रुपये और दे दिए। आरोप है कि शमसाद ने पीड़ित के रिश्तेदार राहुल पुत्र राजकुमार निवासी सेन्हुमा, थाना-मिश्रोलिया, जनपद-सिद्धार्थनगर के नाम पर भी नौकरी का झांसा देकर 1.50 लाख रुपये लिए। इसमें 75 हजार ऑनलाइन व 75 हजार नकद दिए गए।

    पैसे मांगने पर दी जान से मारने की धमकी

    जब नियुक्ति नहीं हुई तो पैसे वापस मांगे। दबाव बनाने पर शमसाद ने कई बार में ऑनलाइन 3,05,000 रुपये तो वापस कर दिए, लेकिन शेष रकम हड़प ली। रामनिवास का आरोप है कि गत 8 मार्च 2026 को दोपहर करीब 2 बजे वह मेंहदावल थाने पर शिकायत करने गया। थाने से निकलते ही शमसाद ने उसे घेर लिया और जातिसूचक गाली देते हुए जान से मारने की धमकी दी।

    थाने पर सुनवाई न होने पर पीड़ित ने न्यायालय में न्याय की गुहार लगाई। प्रभारी निरीक्षक मेंहदावल राकेश कुमार सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर आरोपित शमशाद अहमद के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। विवेचना में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

    यह भी पढ़ें- संतकबीर नगर में पेड़ से लटका मिला युवती का शव, जांच में जुटी पुलिस