संतकबीरनगर में कांवड़ यात्रा के लिए पांच दिन बंद रहेगा फोरलेन, रूट डायवर्जन लागू
श्रावण मास की तेरस पर बाबा तामेश्वरनाथ और भद्रेश्वरनाथ धाम में जलाभिषेक के लिए लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ के मद्देनजर संतकबीरनगर में पांच दिनों के लिए ...और पढ़ें

सात अगस्त से लागू होगा रूट डायवर्जन, 11 अगस्त की मध्यरात्रि तक रहेगा प्रभावी। जागरण
HighLights
कांवड़ यात्रा के लिए पांच दिन का रूट डायवर्जन।
बाबा तामेश्वरनाथ और भद्रेश्वरनाथ धाम के लिए फोरलेन बंद।
7 अगस्त शाम से 11 अगस्त मध्यरात्रि तक प्रभावी रहेगा डायवर्जन।
जागरण संवाददाता, संतकबीरनगर। श्रावण मास की तेरस पर बाबा तामेश्वरनाथ धाम और बस्ती के बाबा भद्रेश्वरनाथ धाम में जलाभिषेक के लिए उमड़ने वाली लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पांच दिनों तक फोरलेन पर वाहनों का संचलन बंद रहेगा। सात अगस्त की शाम से रूट डायवर्जन लागू होगा, जो 11 अगस्त की मध्यरात्रि तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान निर्धारित मार्गों से ही वाहन गंतव्य की ओर आ-जा सकेंगे।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने बताया कि श्रद्धालुओं की संख्या और परिस्थितियों के अनुसार फोरलेन बंद रखने की अवधि आवश्यकता पड़ने पर बढ़ाई या घटाई भी जा सकती है। रूट डायवर्जन का कड़ाई से पालन कराने के लिए फोरलेन पर छह प्रमुख स्थानों मगहर,डीघा बाईपास, भुवरिया चौराहा, कांटे और टेमा रहमत में बैरियर तथा जनपद की सीमाओं पर नाकेबंदी कर पुलिस पिकेट तैनात की जाएगी।
श्रावण मास में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से कांवड़ियों के जत्थे सरयू नदी से जल लेने के लिए अयोध्या और बिड़हर घाट पहुंचते हैं। अयोध्या से जल लेकर लौटने वाले श्रद्धालु पहले बाबा भद्रेश्वरनाथ धाम में जलाभिषेक करते हैं और इसके बाद संतकबीरनगर स्थित बाबा तामेश्वरनाथ धाम भी पहुंचते हैं।
वहीं जिले से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बिड़हर घाट से जल लेकर बैजूनाथ धाम और तामेश्वरनाथ धाम में भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं। इन दोनों प्रमुख शिवालयों में तेरस के अलावा श्रावण मास के प्रत्येक सोमवार को लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। सुरक्षा, सुचारु यातायात, पेयजल, स्वास्थ्य, खानपान और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक स्तर पर तैयारी की है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहकर व्यवस्था संभालने के निर्देश दिए गए हैं।
रूट डायवर्जन
खबरें और भी
- गोरखपुर से आने वाले वाहन चौकी मगहर से घघसरा, बखिरा और बांसी होते हुए अपने गंतव्य जाएंगे।
- बंजरिया की ओर से आने वाले वाहन भड़कुलवा रेलवे क्रॉसिंग, मैनसिर, गिठनी, तुंगपार, मोलनापुर, सोनबरसा-हरनही होते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे लिंक रोड से लखनऊ जाएंगे।
- खलीलाबाद से लखनऊ जाने वाले वाहन सोनी होटल से मेंहदावल बाईपास, बखिरा और बांसी होकर आगे जाएंगे।
- धनघटा से लखनऊ जाने वाले वाहन धनघटा से अंबेडकरनगर होते हुए अपने गंतव्य को जाएंगे।
- खलीलाबाद से लखनऊ की ओर जाने वाले अन्य वाहन मेंहदावल बाईपास, बखिरा, बांसी, जोगिया उदयपुर, सनई चौराहा, चिल्हिया, शोहरतगढ़, बढ़नी, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर और गोंडा होकर जाएंगे।
- मेंहदावल-नंदौर से बस्ती जाने वाले वाहन नंदौर से बांसी होकर आगे बढ़ेंगे।
- धनघटा-पौली-कलवारी मार्ग से बस्ती की ओर जाने वाले वाहनों को बस्ती सीमा से आगे नहीं जाने दिया जाएगा।
- महुली मेन चौराहा से बस्ती जाने वाले वाहन भी बस्ती सीमा पर ही रोक दिए जाएंगे।
यह भी पढ़ें- संत कबीर नगर: 'मगहर' की पावन समरसता से लेकर बखीरा झील, ओडीओपी और औद्योगिक क्रांति तक विकास की नई इबारत