संतकबीर नगर में कार की मांग पूरी न होने पर शादी से किया इनकार, मुकदमा दर्ज
संतकबीर नगर में चारपहिया वाहन की अतिरिक्त दहेज मांग पूरी न होने पर एक शादी टूट गई। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने वर पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जा ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
दहेज में चारपहिया वाहन की मांग पर शादी रद्द।
पीड़ित पक्ष ने वर पक्ष के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा।
पुलिस ने जांच शुरू की, कानूनी कार्रवाई का आश्वासन।
जागरण संवाददाता, संतकबीर नगर। विवाह तय होने के बाद अतिरिक्त दहेज के रूप में चारपहिया वाहन की मांग पूरी न होने पर शादी से इनकार करने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिवसरा, पोस्ट देवरिया गंगा निवासी महेश चन्द्र गुप्ता पुत्र संतलाल गुप्ता ने कोतवाली थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उनकी पुत्री चंचल गुप्ता का विवाह घोरखल निवासी राज गोविन्द गुप्ता पुत्र हरी प्रसाद गुप्ता के साथ तय हुआ था। दोनों परिवारों की सहमति से रिश्ता तय होने के बाद लगभग पांच लाख रुपये दहेज तथा अन्य उपहार देने की बात भी शामिल थी।
पीड़ित के अनुसार 19 अप्रैल 2026 को वरक्षा कार्यक्रम संपन्न हुआ, जिसमें उनकी ओर से सामर्थ्य के अनुसार उपहार और धनराशि दी गई। विवाह की तिथि 26 नवंबर 2026 तथा विदाई की तिथि 27 नवंबर 2026 निर्धारित की गई थी। विवाह की तैयारियों के लिए टेंट, हलवाई, बर्तन और मिठाई आदि पर भी खर्च किया जा चुका था।
यह भी पढ़ें- संतकबीर नगर में सियरहवा पुल जल्द पूरी होने की आस, हजारों को मिलेगी राहत
आरोप है कि बाद में वर पक्ष के राज गोविन्द गुप्ता, उनके पिता हरी प्रसाद गुप्ता, उर्मिला देवी, टुनटुन गुप्ता तथा अन्य परिजनों ने अतिरिक्त रूप से चारपहिया वाहन की मांग शुरू कर दी। असमर्थता जताने पर विवाह करने से इनकार कर दिया गया। पीड़ित का आरोप है कि विरोध करने पर गाली-गलौज की गई, जान से मारने की धमकी दी गई तथा वरक्षा में दिए गए उपहार और धनराशि लौटाने से भी मना कर दिया गया।
कोतवाली प्रभारी जय प्रकाश दुबे ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।