Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    संतकबीर नगर में रोडवेज प्रभारी पर हमला, ठेकेदार ने की मारपीट और मोबाइल छीना

    Updated: Fri, 29 May 2026 02:56 PM (IST)

    संतकबीर नगर में रोडवेज प्रभारी टीएन दुबे के साथ नगर पालिका के ठेकेदार हेमंत तिवारी और उनके साथियों ने मारपीट की, मोबाइल छीना और जान से मारने की धमकी द ...और पढ़ें

    तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

    तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

    HighLights

    1. संतकबीर नगर में रोडवेज प्रभारी पर ठेकेदार का हमला।

    2. बस खड़ी करने के विवाद में मोबाइल छीना, धमकी।

    3. पुलिस ने ठेकेदार हेमंत तिवारी समेत कई पर केस दर्ज।

    जागरण संवाददाता, संतकबीर नगर। खलीलाबाद बाईपास ओवरब्रिज के नीचे रोडवेज बस खड़ी करने को लेकर हुए विवाद में रोडवेज प्रभारी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि नगर पालिका के ठेकेदार और उनके सहयोगियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की, मोबाइल फोन छीन लिया और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने रोडवेज प्रभारी की तहरीर पर नगर पालिका के ठेकेदार समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद परिवहन निगम कर्मचारियों में नाराजगी व्याप्त है।

    खलीलाबाद से वाराणसी के लिए नई रोडवेज बस सेवा शुरू की गई थी। रोडवेज प्रभारी टीएन दूबे का आरोप है कि पिछले 15 से 20 दिनों से नगर पालिका खलीलाबाद के ठेकेदार हेमंत तिवारी द्वारा रोडवेज बस के चालक और परिचालक को सवारी भरने से रोका जा रहा था। विरोध करने पर कर्मचारियों को डांट-फटकार कर वहां से भगा दिया जाता था। इससे परिवहन निगम की आय प्रभावित हो रही थी और यात्रियों को भी परेशानी उठानी पड़ रही थी।

    कोतवाली थाने में दी गई तहरीर में बताया गया कि मंगलवार 27 मई को रोडवेज बस निर्धारित समय के अनुसार बाईपास ओवरब्रिज के नीचे कुछ देर के लिए खड़ी थी। इसी दौरान रोडवेज प्रभारी टीएन दूबे ने हेमंत तिवारी से कहा कि बस केवल 10 मिनट के लिए वहां रुकती है और उसके बाद आगे बढ़ जाती है।

    आरोप है कि इसी बात को लेकर हेमंत तिवारी नाराज हो गए और गाली-गलौज करते हुए हाथापाई करने लगे। आरोप है कि हेमंत तिवारी ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया और अपने सहयोगियों तथा कुछ आटो चालकों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद सभी लोगों ने मिलकर मारपीट की और धक्का देकर उन्हें जमीन पर गिरा दिया।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- संतकबीर नगर में आंधी के चार दिन बाद भी 30 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप, परेशान हो रहे लोग

    घटना के दौरान रोडवेज बस चालक राजेंद्र भट्ट, परिचालक हरिहर प्रसाद और एक्सीडेंटल बाबू दशरथ प्रसाद सहित कई लोग मौके पर मौजूद थे। सभी ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। आरोप है कि जाते समय आरोपितों ने जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि घटना की वीडियो रिकार्डिंग मोबाइल में सुरक्षित है, जिसे साक्ष्य के रूप में उपलब्ध कराया जाएगा।

    कार्रवाई न होने पर रोडवेज कर्मियों ने दी चेतावनी
    रोडवेज प्रभारी के साथ हुई घटना को लेकर कर्मियों में आक्रोश व्याप्त है। चेतावनी दी गई है कि यदि ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो बस संचालन प्रभावित हो सकता है। कोतवाली प्रभारी जय प्रकाश दुबे ने बताया कि तहरीर के आधार पर हेमंत तिवारी समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।