संतकबीर नगर में दामाद का खौफनाक कदम, बेटी को विदा न करने पर फूंका ससुराल का घर
संतकबीर नगर में बेटी को विदा न करने पर एक दामाद ने ससुराल में हंगामा किया। उसने हथियार लहराते हुए परिवार को धमकी दी और फिर टीन शेड वाले घर में आग लगा ...और पढ़ें

कोतवाली खलीलाबाद थाना क्षेत्र के बरईपार में दामाद द्वारा फूंके गए घर को देखने के बाद आंसू बहाती सास। जागरण
HighLights
दामाद ने बेटी को विदा न करने पर घर में आग लगाई।
आग से पांच बकरियां मरीं, बाइक और नकदी नष्ट हुई।
ससुर ने खलीलाबाद थाने में दामाद पर केस दर्ज कराया।
संवाद सूत्र, बघौली, (संतकबीरनगर)। बेटी को विदा न करने पर आक्रोशित हुए दामाद ने असलहा लहराते हुए ससुर सहित परिवार के अन्य सदस्यों को जान-माल की धमकी दी। इसके बाद उसने टीन शेड वाले घर में आग लगा दी। इसके बाद मौके से दो साथियों संग फरार हो गया।
इस घटना में खुंटे में बंधी पांच बकरियां झुलसकर मर गयी। घर में रखी एक बाइक,नकदी सहित अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। ससुराल में आए दामाद की इस हरकत ने गांववासियों को चौंका दिया। यह घटना कोतवाली खलीलाबाद थाना क्षेत्र के बरईपार गांव में हुई। ससुर ने थाने में तहरीर देकर दामाद व उसके दो साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
कोतवाली खलीलाबाद थाने में दी गयी तहरीर में बरईपार गांव निवासी सुभाष बेलदार पुत्र रामदरश ने यह उल्लेख किया है कि इसी थाना क्षेत्र के बैरमपुर गांव निवासी 36 वर्षीय दामाद प्रेमचंद्र अपने दो नाम-पता अज्ञात साथियों के साथ गत सोमवार की रात उनके घर पर पहुंचे थे। वह उनकी विवाहित 35 वर्षीय बेटी अनीता को अक्सर मारते-पीटते हैं। इसलिए उनकी बेटी नाराज होकर करीब दो माह से उनके घर पर रह रही है।
रात के करीब दस बजे उनका दामाद उसे ले जाने के लिए हठ करने लगा। उन लोगों ने बेटी को विदा करने से मना कर दिया। इस पर वह आक्रोशित होकर विवाद करने लगा। असलहा लहराते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा।
यह भी पढ़ें- संतकबीर नगर में बखिरा झील तक रास्ता बनाने की पहल हुई सफल, 15 एकड़ भूमि के लिए बनी सहमति
इसी दौरान उसने टीन शेड वाले घर में आग लगा दी। यह देखकर वे लोग घर से बाहर निकले। गांव के लोग आग बुझाने के लिए आने लगे। उधर आग की लपटें तेजी से आगे बढ़ने लगी।
किसी प्रकार ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। तब तक खुंटे में बंधी पांच बकरी झुलस कर मर गयी। उनके घर में रखी एक बाइक,नकदी,जेवरात सहित अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना के बाद उनका दामाद अपने साथियों संग मौके से फरार हो गया।
खबरें और भी
इस घटना के बाद से परिवार के लोग दहशत में हैं। उन्हें जान-माल का खतरा सता रहा है। उन्होंने इन आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। कोतवाली प्रभारी जय प्रकाश दूबे ने बताया कि तहरीर मिल गयी है। प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।