Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    काकोरी के बलिदानियों का अपमान बर्दाश्त नहीं: CM योगी का सख्त एक्शन, फर्म ब्लैकलिस्ट, AE-JE सस्पेंड

    Updated: Tue, 24 Mar 2026 10:36 PM (IST)

    शाहजहांपुर में काकोरी ट्रेन एक्शन के बलिदानियों की प्रतिमाएं बुलडोजर से गिराने के मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने ...और पढ़ें

    शाहजहांपुर में नगर निगम कार्यालय परिसर में लगी बलिदानियों की प्रतिमा को बुल्डोजर चलकर तोड़े जाने के बाद पड़े अवशेष। सौ. इंटरनेट मीडिया

    शाहजहांपुर में नगर निगम कार्यालय परिसर में लगी बलिदानियों की प्रतिमा को बुल्डोजर चलकर तोड़े जाने के बाद पड़े अवशेष। सौ. इंटरनेट मीडिया

    HighLights

    1. कहा- चौबीस घंटे के अंदर प्रतिमाओं को पुराने स्थान पर किया जाए स्थापित

    2. बुलडोजर से बलिदानियों की प्रतिमाएं गिराने पर लिया अपनाया सख्त रुख

    जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। काकाेरी ट्रेन एक्शन के बलिदानियों की प्रतिमाओं को बुलडोजर से गिराने के मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने मंगलवार रात डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह से फोन पर पूरे मामले की जानकारी ली। उनसे लखनऊ की फर्म फ्लाई इंफ्राटेक को ब्लैक लिस्ट करने के साथ ही नगर निगम के सहायक अभियंता विक्रमाजीत व अवर अभियंता प्रदीप कुमार को निलंबित करने के निर्देश दिए।

    प्रतिमाओं को चौबीस घंटे के अंदर पूर्व स्थान पर स्थापित कराने के लिए कहा है। टाउनहाल में नगर निगम प्रशासन सुंदरीकरण करा रहा है।

    कार्यदायी फर्म फ्लाई इंफ्राटेक के कर्मचारियों ने यहां पर लगीं काकोरी ट्रेन एक्शन के बलिदानी पं. राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खां, ठाकुर रोशन सिंह व क्रांतिकारी प्रेम किशन खन्ना की प्रतिमाओं को सम्मानपूर्वक हटाने की बजाय बुलडोजर से गिरा दिया था, जिससे वे क्षतिग्रस्त हो गईं थीं।

    इस अपमान पर लोगों में गुस्सा था। मंगलवार रात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मामले में डीएम से फोन पर बात की। कहा कि फर्म को तत्काल प्रभाव से काली सूची में डाला जाए। उन्होंने कहा कि नगर निगम के सहायक व अवर अभियंता को निलंबित किया जाए। डीएम ने मुख्यमंत्री को बताया कि फर्म पर प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है।

    उन्होंने दोनों अभियंताओं सहित इस कार्य की निगरानी कर रहे अधिशासी अभियंता दिलीप कुमार शुक्ला के विरुद्ध भी प्रमुख सचिव नगर विकास को लिखे गए पत्र के बारे में भी जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस स्थान पर प्रतिमाएं लगीं थीं उन्हें बुधवार को वहां पर दोबारा स्थापित किया जाए।

    खबरें और भी

    डीएम ने बताया कि इस संबंध में नगर आयुक्त को निर्देश दे दिए गए हैं। पुरानी प्रतिमाओं की मरम्मत होगी या फिर नई स्थापित होंगी इस बारे में निगम के अधिकारी निर्णय लेंगे। इससे पहले मंगलवार को शहर में विभिन्न स्थानों पर विरोध प्रदर्शन हुए। सपा मुखिया अखिलेश यादव व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने सरकार को घेरते हुए इस कृत्य को बीमारू मानसिकता की निशानी बताया।

     

    यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर में बलिदानियों का अपमान करने वाली संस्था पर FIR, तीन इंजीन‍ियरों पर गाज; DM के निर्देश पर हुई कार्रवाई