बलिदानियों का अपमान पड़ा भारी: 10 करोड़ के टेंडर छिपे और ब्लैकलिस्ट हुई कंपनी, जानें पूरा मामला
शाहजहांपुर में काकोरी ट्रेन एक्शन के बलिदानियों की प्रतिमाओं को बुलडोजर से गिराने वाली फर्म फ्लाई इंफ्राटेक को काली सूची में डाल दिया गया है। इस लापरव ...और पढ़ें

शाहजहांपुर नगर निगम
HighLights
शहर के 16 प्रमुख मार्गों की मरम्मत करानी थी फ्लाई इंफ्रा टेक को
काली सूची में डाले जाने के बाद दोबारा निकाली जाएगी निविदा
जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। काकोरी ट्रेन एक्शन के बलिदानियों की प्रतिमाओं को बुलडोजर से गिराने वाली फर्म फ्लाई इंफ्राटेक पर निगम की कुछ ज्यादा ही मेहरबानी थी। फर्म ने दस करोड़ से अधिक के काम हासिल कर लिए थे, जिनमें शहर के 16 प्रमुख मार्गों की मरम्मत भी शामिल थी, लेकिन अब काली सूची में डाले जाने के साथ ही फर्म से यह कार्य भी वापस ले लिए जाएंगे।
लखनऊ की फ्लाई इंफ्राटेक ने 40 लाख रुपये में नगर निगम परिसर में बलिदानियों के प्रतिमा स्थल के सुंदरीकरण का कार्य शुरू किया था, लेकिन नई प्रतिमाओं को लगाने से पहले पुरानी प्रतिमाओं को लापरवाही से हटाने के दौरान बुलडोजर से गिरा दिया। इसका मुख्यमंत्री ने संज्ञान लिया तो फर्म पर प्राथमिकी के साथ ही उसे ब्लैक लिस्ट करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई।
फर्म के पास यह अकेला कार्य नहीं था। शहर की 16 मार्गाें की मरम्मत का काम भी इस फर्म को दिया गया है। दस करोड़ से अधिक लागत वाले इन कार्याें में गोविंदगंज फाटक से सदर चौराहा होकर घंटाघर हाट मिक्स से सड़क सुदृढ़ीकरण, गोविंदगंज में शहीद स्तम्भ से लोक निर्माण गेस्ट हादस, पं. रामप्रसाद बिस्मिल पार्क से लाल इमली चौराहा व निशात टाकीज से घंटाघर तक हाट मिक्स से सड़क सुदृढ़ीकरण कराया जाना है।
इसी तरह इस्लामिया इंटर कालेज से बहादुरगंज पचराहा, कालीबाड़ी मंदिर से कचहरी, घंटाघर से लकड़ी मंडी, खिरनीबाग रामलीला मैदान से आर्य महिला डिग्री कालेज, खिरनीबाग से सदर बाजार तक सड़क की मरम्मत का काम इसी फर्म के पास था।
बहादुरपुरा में जेल रोड से पोस्टमार्टम हाउस होते हुए लोदीपुर पुल के पास, गांधी भवन से बाल विद्या मंदिर, तारीन टिकली में सागर मिठाई से ऐरा बुटीक, कवि तिराहा से दुर्गा होटल, छाया कुआं से हनुमतधाम तक हाट मिक्स से सड़क बनाई जानी थी।
खबरें और भी
कटिया टोला की विभिन्न सडकों पर हाट मिक्स, कवि तिराहे से दुर्गा होटल तक हाट मिक्स व पुरानी आवास विकास कालोनी की आतंरिक सड़कों को हाट मिस्क से बनाया जाना था।
नगर आयुक्त डा. बिपिन मिश्रा ने बताया कि फर्म को काली सूची में डालने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस फर्म ने निविदा से जो भी कार्य लिए थे, उनको अब यह हीं कर सकेगी। इनके लिए दोबारा निविदा प्रक्रिया होगी।
एई व जेई पर कार्रवाई की शासन को भेजी सूचना
बलिदानियों की प्रतिमाओं को बुलडोजर से गिराने व उन्हें अपमानजनक तरीके से हटाने के मामले में नगर निगम के सहायक अभियंता मनोज कुमार व अवर अभियंता प्रमोद कुमार को मुख्यमंत्री के निर्देश पर निलंबित कर दिया है। इस कार्य की निगरानी की जिम्मेदारी अधिशासी अभियंता दिलीप कुमार शुक्ला के स्थान पर प्रभारी अधिशासी अभियंता विक्रमाजीत यादव पर थी।
नगर निगम प्रशासन की ओर से टाउनहाल में तिराहे पर लगीं काकोरी ट्रेन एक्शन के बलिदानियों की प्रतिमाओं को स्थानांतरित करने, प्रतिमास्थल के सुंदरीकरण व यहां पर नई प्रतिमाओं की स्थापना का कराया जा रहा था। 15वें वित्त से इसके लिए 40 लाख रुपये की निविदा हुई थी।
काम लखनऊ की फ्लाई इंफ्राटेक फर्म को दिया गया था, लेकिन निगरानी की जिम्मेदारी निगम को करनी थी। प्रतिमाओं को गिराने व उन्हें क्षतिग्रस्त करने के मामले में डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने निगम के अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता व अवर अभियंता के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
मुख्य अधिशासी अभियंता आशीष त्रिवेदी ने बताया कि निगम में अधिशासी अभियंता दिलीप कुमार शुक्ला हैं, लेकिन वह इस कार्य को नहीं देख रहे थे। इसलिए इस प्रकरण में न तो उनके विरुद्ध कोई पत्र लिखा गया और न ही कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि 15वें वित्त व राज्य वित्त से होने वाले कार्यों का प्रभारी अधिशासी अभियंता विक्रमाजीत यादव को बनाया गया था। इसलिए इस निर्माण की जिम्मेदारी उनके पास थी। मुख्यमंत्री के निर्देश पर सहायक अभियंता मनोज कुमार व अवर अभियंता प्रमोद कुुमार को निलंबित कर सूचना शासन को भेजी गई है।