Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    राजपाल यादव के घर पर बैंक का कुर्की नोटिस; 16 करोड़ के कर्ज में नीलाम होगा गांव का घर और मुंबई का फ्लैट

    Updated: Thu, 06 Aug 2026 01:35 PM (GMT+05:30)

    सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने राजपाल यादव की पत्नी और मां के नाम पर लिए गए 16 करोड़ रुपये के ऋण की अदायगी न होने पर उनकी शाहजहांपुर स्थित संपत्ति पर कुर्क ...और पढ़ें

    फिल्म अभिनेता राजपाल यादव की संपत्ति को कुर्क करने के लिए चस्पा किया गया नोटिस। सौ. इंटरनेट मीडिया

    फिल्म अभिनेता राजपाल यादव की संपत्ति को कुर्क करने के लिए चस्पा किया गया नोटिस। सौ. इंटरनेट मीडिया

    HighLights

    1. 16 करोड़ रुपये के ऋण की अदायगी न करने पर होगी कार्रवाई

    जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। फिल्म अभिनेता राजपाल यादव की पत्नी राधा व माता गोदावरी के नाम पर लिए गए 16 करोड़ रुपये ऋण की अदायगी न होने पर सेंट्रल बैंक आफ इंडिया ने वसूली की प्रक्रिया तेज कर दी है। उनकी कचहरी रोड स्थित संपत्ति पर बैंक की ओर से कुर्की करके नीलामी का नोटिस चस्पा किया गया, जिसमें ऋण नहीं चुकाने पर प्रक्रिया शुरू करने की बात लिखी गई है।

    हालांकि यह नोटिस कुछ देर बाद मौके से हटा दिया गया। वहीं राजपाल यादव के बड़े भाई श्रीपाल यादव का कहना है कि यह प्रकरण पुराना है। बैंक से ऋण अदायगी की प्रक्रिया पर सहमति बन चुकी है।

    राजपाल यादव ने सेंट्रल बैंक की मुंबई शाखा से पत्नी राधा यादव व मां गोदावरी के नाम पर 16 करोड़ 61 लाख रुपये का लोन लिया था, लेकिन इसकी समय से अदायगी नहीं हो सकी। दो वर्ष पूर्व बैंक ने इस संबंध में नोटिस चस्पा किया था, जिसके बाद लोन की अदायगी के लिए बात हुई थी।

    अब एक बार फिर से बैंक प्रशासन की ओर से कचहरी रोड स्थित संपत्ति पर लोन वसूली के लिए संपत्ति की कुर्की प्रक्रिया का नोटिस शाहजहांपुर में कचहरी रोड स्थित संपत्ति पर चस्पा किया गया।

    इसमें ऋण की धनराशि जमा नहीं किए जाने पर मुंबई ऋण वसूली न्यायाधिकरण की ओर से नीलामी प्रक्रिया शुरू करने की बात कही गई है। इसमें राजपाल यादव की पैतृक गांव कुंडरा स्थित भूमि, उस पर बने भवन व मुंबई समेत अन्य स्थानों पर स्थित फ्लैट को शामिल किया है।

    प्रक्रिया के लिए नौ सितंबर की तारीख नियत की गई है। सेंट्रल बैंक आफ इंडिया के प्रबंधक अनुज वर्मा ने बताया कि न्यायाधिकरण के आदेश के तहत नीलामी की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

    इसी के तहत नोटिस चस्पा किया गया। वहीं राजपाल यादव के बड़े भाई श्रीपाल यादव ने कहा कि बैंक संबंधी पुराना प्रकरण है, जिसका निस्तारण किया जा रहा है। संपत्ति नीलामी जैसी स्थिति नहीं है।

    यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर गौतम हत्याकांड: 10 दिन में तैयार होगी केस डायरी, आरोपियों पर लगेगी रासुका; गांव में पुलिस अलर्ट

    खबरें और भी