शाहजहांपुर गौतम हत्याकांड: 10 दिन में तैयार होगी केस डायरी, आरोपियों पर लगेगी रासुका; गांव में पुलिस अलर्ट
शाहजहांपुर के गौतम हत्याकांड में पुलिस आरोपितों पर रासुका लगाने की तैयारी में है और 10 दिन के भीतर केस डायरी न्यायालय में दाखिल की जाएगी। एसपी ने जल्द ...और पढ़ें

शाहजहांपुर के कांट में आरोपित के घर के बाहर तैनात पुलिसकर्मी। सौ.इंटरनेट मीडिया
HighLights
गौतम की मां और बहनें बोलीं आरोपितों को मिले फांसी की सजा, नगर से लेकर गांव तक पुलिस अलर्ट
जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। गौतम हत्याकांड के आरोपित समीर उसके पिता, भाई समेत चारों आरोपितों पर पुलिस रासुका लगाने की तैयारी कर रही है। जिस तरह का जघन्य अपराध किया है, उसकी जल्द सजा दिलाने के लिए 10 दिन के अंदर केस डायरी बनाकर न्यायालय में दाखिल की जा सकती है। ताकि न्यायालय में भी प्रभावी पैरवी की जा सके।
कमलनैनपुर गांव निवासी गौतम मौर्य की शुक्रवार को समीर अपने पिता लियाकत, भाई तदीम व दोस्त राजा की मदद से चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। उसे घटना स्थल पर ही जब उसे पकड़ लिया गया तो चेहरे पर किसी तरह का डर और पछतावा नहीं था। उसने हत्या करना भी स्वीकार किया था जिसका वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ था।
स्वजन ने आरोपितों पर सख्त कार्रवाई के लिए नौ घंटे तक थाने के सामने जाम भी लगाया था। कई जनप्रतिनिधि भी हत्यारों को सख्त सजा दिलाने की बात कह रहे हैं। इस तरह का दुस्साहस कोई दोबारा न कर सके इसके लिए पुलिस भी इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है।
एसपी सौरभ दीक्षित ने एएसपी सिटी देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में दो टीमें लगाईं हैं ताकि हर बिंदु पर गहनता से जांच हो सके। पुलिस रासुका की भी कार्रवाई करने की तैयारी में है।
हत्या जैसे मामले में आमतौर पर 90 दिन विवेचना करने का समय होता है लेकिन पुलिस ने अब तक अधिकांश साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं। आरोपित भी सभी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। ऐसे में बिना देर किए करीब 10 दिन में मजबूत केस डायरी तैयार कर न्यायालय में दाखिल किया जाना तय माना जा रहा है। इसके बाद प्रभावी पैरवी करते हुए पुलिस के अधिकारी जल्द से जल्द सजा भी दिलाने की बात कह रहे हैं।
खबरें और भी
स्वजन संतुष्ट नहीं, अधिकारी बोले भरोसा रखें
आरोपितों को पुलिस ने बिना देर किए गिरफ्तार कर लिया, लेकिन गौतम की मां सत्यवती व बहनें इस कार्रवाई से अभी पूरी तरह से संतुष्ट नहीं है। रविवार को भी उन्होंने फांसी की मांग की है। पुलिस के अधिकारियों ने भरोसा दिया कि थोड़ा धैर्य रखें। अपराधियों को सख्त से सख्त सजा दिलाने के लिए पुलिस पूरी पैरवी करेगी।
नगर से गांव तक पुलिस अलर्ट
पुलिस तीसरे दिन भी इस घटना की वजह से अलर्ट रही। कांट में जगह-जगह पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई। गांव में भी बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात है। किसी तरह का माहौल खराब न हो इसके लिए इंटरनेट मीडिया पर भी निगरानी की जा रही है।
सभी आरोपित गिरफ्तार कर लिए गए है। विवेचक को निर्देश दिए गए है कि बिना देर किए इस मामले की जांच कर अपनी रिपोर्ट तैयार करें ताकि न्यायालय में दाखिल की जा सके। सजा जल्द से जल्द मिले इसके लिए प्रभावी पैरवी भी की जाएगी। कानून के दायरे में जो भी संभव होगा पुलिस के स्तर से किया जाएगा।
- सौरभ दीक्षित, एसपी