शाहजहांपुर में छेड़छाड़ के आरोपी को महिला ने सरेराह दी रूह कंपा देने वाली सजा, सन्न रह गया पूरा गांव
शाहजहांपुर के वीरमपुर गांव में छेड़छाड़ के आरोपी दृगपाल पर एक महिला ने तेजाब फेंक दिया, जिससे उसका चेहरा झुलस गया। महिला ने पांच साल पहले दृगपाल के खि ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक चित्र
HighLights
क्षेत्र के वीरमपुर गांव में गुरुवार सुबह हुई घटना, आरोपित महिला को किया गिरफ्तार
संवाद सहयोगी, जागरण, पुवायां (शाहजहांपुर)। छेड़छाड़ के आरोपित दृगपाल पर गुरुवार को पीड़ित महिला ने तेजाब फेंक दिया। इससे उसका चेहरा झुलस गया। महिला ने पांच वर्ष पूर्व आरोपित के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई थी। हालांकि तब उसको जमानत मिल गई थी। उसके बाद से दोनों एक दूसरे से रंजिश मान रहे थे। गुरुवार को आमने सामने आए तो उनमें एक बार फिर से विवाद होने लगा, जिसके बाद इस घटना को अंजाम दिया। महिला के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत करने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
एक गांव निवासी महिला ने वर्ष 2021 में अपने पड़ोसी दृगपाल व उसके माता-पिता समेत सात लोगों के विरुद्ध मारपीट की प्राथमिकी पंजीकृत कराई थी। दृगपाल पर छेड़छाड़ का आरोप भी लगाया था। गुरुवार को दृगपाल अपने पुराने घर से दो सौ मीटर दूर दूसरे घर में जा रहा था। रास्ते में महिला का घर है। वह दरवाजे के पास खड़ी थी।
आमने-सामने पड़ते ही दोनों में कहासुनी होने लगी, जिस पर महिला घर के अंदर गई और गिलास में तेजाब भरकर ले आई, जो दृगपाल के चेहरे पर फेंक दिया, जिससे वह झुलस गया। स्वजन ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, दृगपाल की मां ने महिला के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत कराई। इसके बाद पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया।
दृगपाल के भाई पुष्पेंद्र ने बताया कि महिला अपनी बहन की शादी दृगपाल से करना चाह रही थी, लेकिन किसी कारण से शादी करने से मना कर दिया था। इस वजह से महिला रंजिश मान रही थी। पहले छेड़छाड़ व मारपीट करने का आरोप लगाया था और अब इस तरह घटना को अंजाम दिया। महिला तेजाब कब और कहां से लेकर आई इस बारे में पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
खबरें और भी
दो दिन पहले बेटी का जन्म
दो दिन पहले दृगपाल की बेटी का जन्म हुआ था। जबकि गुरुवार को बहन का रोका थी। इसमें स्वजन गए थे। घर में खुशी का माहौल था, लेकिन इस घटना के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
दोनों पक्षों में पहले से विवाद चल रहा था। महिला ने छेड़छाड़ व मारपीट का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी पंजीकृत कराई थी। उसी रंजिश की वजह से गुरुवार को विवाद की बात सामने आ रही है। फिलहाल तहरीर के आधार पर प्राथमिकी पंजीकृत कराई गई है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- रवि किरन सिंह, प्रभारी निरीक्षक
यह भी पढ़ें- मरे हुए व्यक्ति ने किए साइन! बरेली RTO में मौत के 1 साल बाद ऐसे बदल गया कार का मालिक