शाहजहांपुर में खेलते समय गड्ढे में गिरा पांच साल का मासूम, डूबने से मौत
शाहजहांपुर के सिंधौली क्षेत्र के महुआ पाठक गांव में खेलते समय पांच वर्षीय मंजीत की पानी से भरे गड्ढे में डूबने से मृत्यु हो गई। पिता विजय के घर लौटने ...और पढ़ें
-1768353747393_m.webp)
जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। सिंधौली क्षेत्र के महुआ पाठक गांव में खेलते समय पांच वर्षीय मंजीत की गड्ढे में भरे पानी में डूबने से मृत्यु हो गई।
शाम को जब पिता विजय वापस घर आए तो बेटे को न पाकर तलाश शुरू की। काफी देर बाद शव ढूंढा जा सका। कोमा में होने के कारण मंजीत की मां वंदना को घटना के बारे में कुछ पता नहीं है।
सैलून संचालक विजय का बेटा मंजीत सोमवार दोपहर घर के बाहर बच्चों के साथ खेल रहा था। शाम को जब विजय घर पहुंचे तो बेटा नहीं था। उन्होंने काफी देर तक तलाश किया, लेकिन कुछ पता नहीं चला। बच्चों से जब पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि घर से कुछ दूर गांव की नालियों से निकलने वाले पानी को एकत्र करने के लिए बनाए गए गडढे के पास आखिरी बार मंजीत को देखा गया था।
रात में ही विजय व अन्य स्वजन ने गड्ढे में तलाश किया तो उसका शव मिला। बच्चे के ताऊ रतीराम ने बताया कि विजय की पत्नी वंदना को काफी समय पहले बुखार आ गया था। काफी इलाज कराने के बाद भी सुधार नहीं हुआ। करीब एक वर्ष से वह कोमा में हैं।
न कुछ बोल सकती है और न ही सुन सकती है। ऐसे में पिता के काम पर जाने के बाद घर में मंजीत की देखभाल के लिए कोई नहीं होता था। उसकी बड़ी बहन रजनी की शादी हो चुकी है। जबकि छोटे भाई को जन्म के समय पिता ने एक रिश्तेदार को गोद दे दिया था।
खबरें और भी
विजय की आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं है। पत्नी का इलाज कराना तक मुश्किल हो गया है। विजय ने बताया कि आयुष्मान कार्ड बनवाने का प्रयास किया था, लेकिन बन नहीं सका।
बालक की गड्ढे में डूबने की वजह से मृत्यु हुई है। ग्राम समाज की भूमि पर काफी समय से गड्ढा हैं जिसमें गांव के घरों का पानी जाता है। उसमें करीब चार-पांच फीट तक पानी भरा है। बालक का पोस्टमार्टम कराने के लिए स्वजन ने कहा था।
रवींद्र सिंह, प्रभारी निरीक्षक सिंधौली