'कमाई का 60 पार्षदों में बराबर बंटवारा...'; हाथ में पानी लेकर शपथ लेते शाहजहांपुर के पार्षदों का वीडियो वायरल
शाहजहांपुर में पार्षदों का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वे निगम की कमाई को सभी 60 पार्षदों में बराबर ...और पढ़ें
HighLights
शहर के एक होटल में बैठक के दौरान पार्षदों का बताया जा रहा वीडियो, इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित
जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। निर्माण व विकास कार्याें में हो रही गड़बड़ियों के कारण किरकिरी करा रहा नगर निगम एक बार फिर से चर्चा में है। इस बार कारण लापरवाह अधिकारी व कर्मचारी नहीं बल्कि पार्षद हैं, जिनका एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। (दैनिक जागरण वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता) इसमें दिख रहे सभी पार्षद हाथ में पानी लेकर निगम से होने वाली कमाई को सभी 60 पार्षदाें को बराबर से बांटने की शपथ ले रहे हैं।
नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी ने कहा है कि जनप्रतिनिधियों से संबंधित प्रकरण है, अगर शासन स्तर से पूछा जाएगा तो वह अपनी रिपोर्ट भेजेंगी। वीडियो शहर के एक होटल का बताया जा रहा है, जिसमें कुछ पार्षद एकत्र थे। यह सभी लोग अपने हाथ में पानी लेकर शपथ लेते दिखाई दे रहे हैं।
शपथ लेते शाहजहांपुर के पार्षद pic.twitter.com/ntw6Bkmyy0
इसमें कथित तौर पर नगर निगम से होने वाली कमाई को 60 पार्षदों में बराबर बांटने की बात कही जा रही है। इसमें शपथ का उल्लंघन करने वाले के लिए आपत्तिजनक टिप्पणी भी की जा रही है।
इस वीडियो प्रसारित होने के बाद नगर निगम की कार्यप्रणाली और पार्षदों की भूमिका को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि पार्षदों ने यह वीडियो एक वर्ष पुराना बताया है। उनका कहना है कि स्ट्रीट लाइट से संबंधित कंपनी ई-स्मार्ट के विरोध व निगम से होने वाले कार्याें एक समान आवंटन की बात हो रही थी।
उन लोगों की बात को इंटरनेट मीडिया पर गलत तरीके से प्रसारित कर दिया गया। नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी ने कहा कि यह जनप्रतिनिधियों से जुड़ा प्रकरण है। वह सीधे तौर पर जांच नहीं करा सकतीं। अगर स्तर से संज्ञान लिया गया तो तो वह अपनी रिपोर्ट देंगी।
जो वीडियो प्रसारित हुआ है वह ई-स्मार्ट के विरोध के दौरान का है। हमारे ही बीच के किसी व्यक्ति ने इस प्रसारित कर दिया।इस वीडियो को गलत तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है।
- लालू पुजारी, पार्षद
पार्षदों की छवि को धूमिल करने के लिए पुराना वीडियो फिर से प्रसारित किया रहा है। हम लोगों ने ई-स्मार्ट कंपनी के विरोध में एकजुटता दिखाई थी। भ्रष्टाचार का हिस्सा बनने की बात ही नहीं है।
- अनूप गुप्ता गुप्ता, पार्षद
प्रसारित वीडियो लगभग पार्षद अनूप गुप्ता के जन्मदिन की पार्टी का है। वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने इसे बनाकर गलत तरीके से प्रस्तुत किया है।
- धीरेंद्र सिंह, पार्षद
पार्षदों का वीडियो हमने देखा है, लेकिन वह किस विषय में शपथ ले रहे और कौन सी कमाई की बात कर रहे है। इसकी जानकारी नहीं है। यह पार्षदों के बीच का मामला है, इस प्रकरण में हम ज्यादा कुछ नहीं कह सकते।
- अर्चना वर्मा, महापौर
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर नगर निगम का कारनामा: बाबुओं के रिश्तेदार घर बैठे उठा रहे थे ₹15 हजार तनख्वाह, 22 की सैलरी रुकी
