निगम की कमाई 'आपस में बांटने' पर घिरे शाहजहांपुर के पार्षद, महापौर अर्चना वर्मा ने 3 दिन में मांगा जवाब
शाहजहांपुर में नगर निगम की कमाई को पार्षदों में बांटने की शपथ का वीडियो वायरल होने के बाद महापौर अर्चना ...और पढ़ें

इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो ग्रैव फाइल फोटो
HighLights
निगम की कमाई को सभी पार्षदों के बीच बराबर बांटने की शपथ के वीडियो का मामला
जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। नगर निगम की कमाई को सभी पार्षदों के बीच बराबर हिस्से में बांटने की शपथ लेने से संबंधित वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने व इसके बाद हो रही किरकिरी को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने कड़ा रुख अपनाया है। महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता व महापौर अर्चना वर्मा ने अलग-अलग नोटिस जारी करते हुए वीडियो में दिख रहे पार्षदों से तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है।
जवाब संतोषजनक न होने पर कार्रवाई की संस्तुति के साथ प्रदेश नेतृत्व को भी रिपोर्ट भेजी जाएगी। नगर निगम के पार्षदों का मंगलवार को इंटरनेट मीडिया पर वीडियो प्रसारित हुआ था।
जिसमें हाथ में पानी लेकर निगम से होने वाली कमाई को सभी पार्षदों को बराबर से बांटने की शपथ लेते दिख रहे थे। इसके साथ ही शपथ तोड़ने वाले के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी भी की जा रही थी।
इस वीडियो के बाद से भाजपा व नगर निगम की आलोचना शुरू हो गई थी। प्रकरण पर अब तक कुछ भी बाेलने से बच रहे पार्टी नेतृत्व ने बुधवार को सख्त रुख अपनाया।
महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता ने बताया कि उन्होंने वीडियो में नजर आ रहे सभी पार्षदों को नोटिस जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि इन सभी से स्पष्टीकरण मांगा गया है। तीन दिन के अंदर संतोषजनक जवाब न मिलने पर कार्रवाई को लेकर हाईकमान के पास रिपोर्ट भेजेंगी।
महापौर अर्चना वर्मा ने भी छह पार्षदों को नोटिस जारी किया है और शपथ लिए जाने को के संबंध में स्पष्टीकरण देने को कहा गया है। महापौर ने बताया कि इस प्रकरण को लेकर वह काफी गंभीर हैंं। उन्होंने बताया कि वह पार्षदों का जवाब आने के बाद कार्रवाई के संबंध में आगे निर्णय लिया जाएगा।
