शाहजहांपुर में पहली बरसात में ही जलमग्न हुआ कोरोकुइयां गांव, घरों और गलियों में घुसा पानी
शाहजहांपुर-पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने से कोरोकुइयां गांव पहली बरसात में ही जलमग्न हो गया। ...और पढ़ें

HighLights
राष्ट्रीय राजमार्ग पर जल निकासी की व्यवस्था अपर्याप्त।
पहली बरसात में कोरोकुइयां गांव जलमग्न, जनजीवन प्रभावित।
ग्रामीणों ने तत्काल स्थायी समाधान की मांग की।
जागरण संवाददाता, सिंधौली। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से करीब दस माह पहले निर्मित शाहजहांपुर-पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने का खामियाजा अब कोरोकुइयां गांव के ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। सीजन की पहली ही बरसात में गांव की गलियां, घर और दुकानें पानी से भर गईं, इससे जनजीवन प्रभावित हो गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि शारदा नहर पर नए पुल के निर्माण के दौरान बस्ती से जुड़ी एप्रोच रोड को ऊंचा बना दिया गया, लेकिन बरसाती पानी की निकासी के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। इससे बारिश का पानी गांव की ओर जमा होकर घरों और गलियों में घुस गया।
हाइवे किनारे अजमेरी गेट से गांव जाने वाले मुख्य मार्ग पर घुटनों तक पानी भरने से आवागमन ठप हो गया। इसी मार्ग पर स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा और अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों में आने-जाने वालों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
हाइवे के नीचे लगाए गए जल निकासी पाइपों की संख्या पर्याप्त नहीं है और अधिकांश पाइप चोक होने से पानी की निकासी नहीं हो सकी। इससे घरों में पानी भरने से घरेलू सामान को नुकसान पहुंचा। ग्रामीणों ने एनएचएआई और प्रशासन से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने तथा समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।