Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यूपी के यात्रियों की चमकी किस्मत: बरेली जाने का झंझट खत्म, अब सीधे पहुंचेंगे टनकपुर; जानें पूरा शेड्यूल

    Updated: Mon, 06 Jul 2026 08:29 PM (GMT+05:30)

    शाहजहांपुर से टनकपुर तक नई पैसेंजर ट्रेन सेवा शुरू हो गई है, जिससे यात्रियों को मात्र 35 रुपये में सफर करने की सुविधा मिलेगी। यह ट्रेन मां पूर्णागिरी ...और पढ़ें

    शाहजहांपुर में प्लेटफार्म पर खड़ी विशेष ट्रेन। जागरण

    शाहजहांपुर में प्लेटफार्म पर खड़ी विशेष ट्रेन। जागरण

    HighLights

    1. पैसेंजर ट्रेन का शुरू हुआ संचालन, काफी समय से उठ रही थी मांग

    जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। रेलवे ने टनकपुर–पीलीभीत पैसेंजर ट्रेन का विस्तार शाहजहांपुर तक कर दिया है। सोमवार को इस विस्तारित रेलखंड पर हरी झंडी दिखाकर विशेष ट्रेन को चलाया गया। मंगलवार से ट्रेन का नियमित संचालन शुरू होगा। विशेष ट्रेन सोमवार सुबह पीलीभीत से रवाना होकर विभिन्न स्टेशनों पर रुकते हुए दोपहर करीब डेढ़ बजे शाहजहांपुर आई। इसके बाद ट्रेन को वापस रवाना किया गया। ट्रायल के कारण इसमें यात्री नहीं थे। मंगलवार से इसे नियमित रूप से चलाया जाएगा।

    ट्रेन संख्या 55322 प्रतिदिन सुबह सात बजे टनकपुर से चलकर पूर्वाह्न 11 बजे शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर आएगी। वहीं ट्रेन संख्या 55323 दोपहर 12 बजकर 45 बजे शाहजहांपुर से रवाना होकर शाम चार बजकर 50 मिनट पर टनकपुर पहुंच जाएगी। इस तरह से यह ट्रेन टनकपुर में मां पूर्णागिरी दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के काफी फायदेमंद साबित होगी।

    ट्रेन का ठहराव जिन स्टेशनों पर होगा वहां के विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों और आम यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी। रेलवे की ओर से चलाई गई इस पैसेंजर ट्रेन का शाहजहांपुर से टनकपुर तक किराया सिर्फ 35 रुपये ही रखा गया है। जबकि त्रिवेणी एक्सप्रेस से 85 रुपये किराया लगता है।

    त्रिवेणी एक्सप्रेस ट्रेन बरेली होते हुए चलती है, जिसकी वजह से टनकपुर तक की दूरी 192 किमी पड़ती है। पैसेंजर ट्रेन से यह दूरी घटकरक 147 किमी ही रह जाएगी। ट्रेन में कुल 12 कोच है पांच चेयरकार तथा बाकी सेकेंड श्रेणी सामान्य कोच हैं। ट्रेन में आरक्षण की सुविधा नहीं है, सामान्य किराया ही लगेगा।

    खबरें और भी

    उद्घाटन के दौरान शाहजहांपुर स्टेशन पर अपेक्षित व्यवस्थाएं नहीं दिखीं। खटीमा में आयोजित कार्यक्रम में जहां से रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वर्चुअल माध्यम से पीलीभीत-शाहजहांपुर उद्घाटन विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

    शाहजहांपुर स्टेशन पर ट्रेन के स्वागत और हरी झंडी दिखाने के लिए कोई जनप्रतिनिधि मौजूद नहीं रहा। सांसद अरुण कुमार सागर, राज्यसभा के सदस्य मिथलेश कुमार आदि के आने की संभावना थी, लेकिन वे नहीं पहुंचे। स्वागत के बाद ट्रेन को आगे जाना था, लेकिन वह काफी देर तक यही खड़ी रही।

    एनाउंसमेंट न होने यात्रियों को करना पड़ा परेशानी का सामना

    ट्रेन में किसी यात्री को नहीं बैठने दिया गया। प्लेटफार्म नंबर सात पर खड़ी इस विशेष ट्रेन में कुछ यात्री जाकर बैठ गए। ट्रेन के साथ आए कर्मचारियों ने यात्रियों को उतार दिया और दूसरी गाड़ी के जाने की जानकारी दी गई। इस पर आनन फानन में यात्री प्लेटफार्म नंबर छह पर पहुंचे जहां से दूसरी ट्रेन पीलीभीत के लिए रवाना हुई।

    यात्रियों ने बताया कि स्टेशन पर नई ट्रेन के संबंध में कोई उद्घोषणा नहीं की गई। टिकट खिड़की पर प्लेटफार्म संख्या सात पर ट्रेन खड़ी होने की जानकारी दी जा रही थी, जिससे कई यात्री भ्रमित रहे। कुछ लोग टिकट लेने के बाद भी यह समझ नहीं सके कि उद्घाटन विशेष ट्रेन में यात्रा नहीं कराई जा रही है। प्लेटफार्म छह और सात के बीच आने-जाने में भी यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी।

    एलबीएचबी श्रेणी के कोच वाली ट्रेन में आरामदायक होगा सफर

    टनकपुर तक जाने के लिए चलाई जाने वाली पैसेंजर ट्रेन में एलबीएचबी श्रेणी के छह आधुनिक कोच लगाए गए हैं। सभी कोच आपस में जुड़े होने के कारण यात्री एक डिब्बे से दूसरे डिब्बे तक आसानी से आ-जा सकेंगे।

    इससे किसी स्टेशन पर गलत कोच में चढ़ने या ट्रेन छूटने की आशंका काफी कम हो जाएगी। इन कोचों में सफर अधिक सुरक्षित और आरामदायक रहेगा। आधुनिक डिजाइन वाले ये कोच यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा दोनों को बेहतर बनाएंगे।

    यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर DM कार्यालय से जुड़ा बताकर सगे भाइयों को चूना, फर्जी शस्त्र लाइसेंस देकर हड़पे लाखो रुपये और पिस्टल