विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अंकित बालियान हत्याकांड: लखनऊ तक पहुंची गूंज, अखिलेश यादव ने सरकार को घेरा; DGP ने लिया घटना का संज्ञान

Updated: Thu, 27 Aug 2026 02:16 AM (IST)

शामली में हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या के बाद अखिलेश यादव ने यूपी की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. शामली में हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या।

  2. अखिलेश यादव ने यूपी कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए।

  3. डीजीपी ने घटना का संज्ञान लिया, जांच जारी।

जागरण संवाददाता, शामली। हरियाणवी गायक अंकित बालियान की सरेराह गोलियों से भूनकर हत्या की गूंज राजधानी लखनऊ तक पहुंच गई है। कानून-व्यवस्था को लेकर विपक्षी दल प्रदेश सरकार पर हमलावर हो गए हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट कर घटना पर गहरा दुख जताया और प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। वहीं आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भी इस दुस्साहसिक वारदात की सख्त शब्दों में निंदा की है।

अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा, उप्र की कानून-व्यवस्था को शून्य करते हुए जिस प्रकार शामली में लोकप्रिय गायक अंकित बालियान की 18 राउंड गोलियां चलाकर बेरहमी से हत्या की गई है, उससे पूरे क्षेत्र में भय व्याप्त हो गया है। मृतक की दुखी मां के द्वारा अपने बेटे के शव को गोद में रखकर सड़क पर ही शोकाकुल होने का समाचार हृदयविदारक है।

जाट समाज ने हमलावरों की गिरफ्तारी को लेकर सड़क पर ही अपनी मांग बुलंद की है। उप्र का समस्त जाट समुदाय इसे अपने ऊपर प्रहार मानकर आक्रोशित है। इस हत्याकांड की जांच राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के दृष्टिकोण से भी किए जाने की मांग उठ रही है। बेहद निंदनीय!

वहीं, आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं समेत दो हजार से अधिक लोगों ने तीन घंटे में एक्स और इंस्टाग्राम पर अंकित बालियान हत्याकांड से जुड़ी वीडियो पोस्ट की।

डीजीपी से लेकर एडीजी और डीआईजी तक ने लिया संज्ञान

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए डीजीपी ने स्वयं मामले का संज्ञान लिया है। एडीजी मेरठ जोन और डीआईजी सहारनपुर रेंज शामली एसपी से फोन पर पल-पल की लोकेशन और जांच की प्रगति रिपोर्ट ले रहे हैं। शासन के निर्देश पर पड़ोसी जिले मुजफ्फरनगर से भी एक आईपीएस अधिकारी को शामली भेजा गया, जो घटनास्थल और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं।

चार भाई बहनों में तीसरे नंबर के थे अंकित बालियान

अंकित बालियान चार भाई बहनों में तीसरे नंबर के थे। बड़ी दोनों बहनों की शादी हो चुकी है। अंकित बालियान की भी शादी हो चुकी है। इनकी पत्नी शिक्षिका हैं। इनका एक छोटा भाई है। अंकित के पिता सत्यवीर सिंह सेना से रिटायर्ड हैं, और वर्तमान में गांव में खेती करते हैं। हत्या के बाद पैतृक गांव बंतीखेड़ा में गम का माहौल है।

यह भी पढ़ें- अंकित बालियान मर्डर: ताबड़तोड़ फायरिंग से पुलिस के इकबाल को चुनौती, धड़ाधड़ गिरे शटर; व्यापारियों ने बंद की दुकानें

यह भी पढ़ें- हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या, 20 राउंड फायरिंग से शामली में सनसनी