विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अंकित बालियान हत्याकांड: आरोपियों की तलाश में लगीं सात जिलों की स्पेशल टीमें, रोहतक और हिसार के शूटरों पर शक

Updated: Sat, 29 Aug 2026 02:05 AM (IST)

अंकित बालियान हत्याकांड की जांच में यूपी पुलिस और एसटीएफ की टीमें हरियाणा में दबिश दे रही हैं, जिसमें हिसार और रोहतक के शूटरों पर शक है।

आरोपियों की तलाश में लगीं सात जिलों की स्पेशल टीमें।

आरोपियों की तलाश में लगीं सात जिलों की स्पेशल टीमें।

HighLights

  1. अंकित बालियान हत्याकांड में सात जिलों की टीमें जांच में जुटीं।

  2. हिसार रोहतक के शूटरों पर शक, हरियाणा में पुलिस की दबिश।

  3. सीसीटीवी फुटेज से पांचवां संदिग्ध पुलिस के रडार पर आया।

जागरण संवाददाता, शामली। अंकित बालियान हत्याकांड का राजफाश करना पुलिस के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। एडीजी ने डीआईजी अभिषेक सिंह के नेतृत्व में जोन के सात जिलों की स्पेशल टीमों को लगाया है। इसके अलावा शामली की पांच टीमें एसपी के नेतृत्व में कार्य कर रही हैं।

लखनऊ से एसटीएफ की तीन टीमों को भी लगाया गया है। पुलिस की आठ टीम हरियाणा के हिसार और रोहतक समेत अन्य जिलों में लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार हिसार और रोहतक के शूटरों ने ही हत्याकांड को अंजाम दिया था।

शुक्रवार को एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर शामली पुलिस ऑफिस पहुंचे, जहां उन्होंने डीआईजी सहारनपुर रेंज अभिषेक सिंह और स्थानीय पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। एडीजी ने तीन दिनों में हुई जांच की बिंदुवार रिपोर्ट तलब की। मामले की कमान डीआईजी सहारनपुर अभिषेक सिंह के नेतृत्व में सौंपते हुए मेरठ जोन के सभी सात जिलों की स्पेशल टीमों को भी जांच में लगा दिया है।

इसके अलावा यूपी एसटीएफ की तीन टीमों को भी राजफाश के लिए लगाया गया है। पुलिस महानिदेशक लखनऊ और एसटीएफ प्रमुख अमिताभ यश हत्याकांड की हर पल की प्रगति पर नजर बनाए हुए हैं।

एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर ने बताया कि अपराधियों की धरपकड़ के लिए आठ टीमों को अकेले हरियाणा में लगाया है। जांच में यह बात लगभग साफ होती नजर आ रही है कि घटना को अंजाम देने वाले चार शूटरों में से दो रोहतक और दो हिसार (हरियाणा) के रहने वाले हैं।

हरियाणा के इन शूटरों की गिरफ्तारी के लिए शामली पुलिस की चार अलग-अलग टीमें रोहतक और हिसार में दबिश दे रही हैं, जबकि एक टीम करनाल में डेरा डाले हुए है। पुलिस ने चंडीगढ़ और सोनीपत से भी अपराधियों का डेटा जुटाया है।

पांचवां व्यक्ति आया पुलिस रडार पर

जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में एक पांचवां संदिग्ध भी पुलिस रडार पर आया है। यह युवक चप्पल पहनकर करीब दो घंटे तक जिम से 200 मीटर के दायरे में लगातार मोबाइल फोन का इस्तेमाल करता देखा गया। फुटेज में वह शूटरों से बातचीत करता भी नजर आया है। पुलिस अब इस बिंदु पर जांच कर रही है कि यह पांचवां संदिग्ध कौन था और लगातार दो घंटे तक वहां रुककर शूटरों के संपर्क में क्यों बना हुआ था।

शामली की टीमें एसपी शामली के नेतृत्व में कार्य कर रही हैं। अन्य जिलों की टीम डीआइजी सहारनपुर के नेतृत्व में कार्य कर रही हैं। आठ टीमों को हरियाणा में भेजा गया है। जल्द ही अंकित बालियान हत्याकांड का राजफाश करते हुए आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -भानु भास्कर, एडीजी मेरठ जोन।

सांसद इकरा हसन ने अखिलेश से कराई अंकित के पिता की बात

हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या से क्षेत्र में शोक की लहर है। स्वजन को सांत्वना देने के लिए शुक्रवार को विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता उनके आवास पर पहुंचे। कैराना सांसद इकरा हसन और विधायक नाहिद हसन ने भी परिवार से मुलाकात की।

इस दौरान सपा सांसद इकरा ने फोन पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव से अंकित के पिता सत्यवीर सिंह फौजी से बात भी कराई। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी इस कठिन समय में परिवार के साथ है।

कैराना विधायक नाहिद हसन ने कहा कि अंकित के निधन से न केवल परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र को गहरा आघात पहुंचा है। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने भी अंकित के आवास पर जाकर परिवार से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा समाज परिवार के साथ है।

अपराधियों में कानून का खौफ खत्म, हत्या कर इंटरनेट मीडिया पर डाल रहे पोस्ट: इमरान मसूद

शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या को लेकर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस सांसद ने कहा कि हत्यारों ने वारदात के बाद इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट डालकर बता दिया कि हत्या मैंने की है, अपराधियों में कानून का खौफ खत्म हो चुका है।

उन्होंने सरकार को घेरते हुए कहा कि क्या यही कानून का राज है? सांसद इमरान मसूद ने गानों में गन कल्चर और गैंगस्टर कल्चर के बढ़ते चलन पर कहा कि समाज में नफरत को नहीं बोना चाहिए। समाज को जागरूक होना चाहिए। गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर भी उन्होंने अपना रुख साफ किया।

कहा कि हम खुद को बर्बाद करके दूसरों की सरकार नहीं बनवा सकते। हमें सम्मानजनक सीटें चाहिए। इमरान ने बिना किसी दल का नाम लिए कहा कि जिस तरह का नैरेटिव बनाया जा रहा है, वैसा नहीं है। कांग्रेस के बिना कुछ नहीं होगा। हम राजनीति कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी हमारी पहचान है और हम अपनी पार्टी को बचाएंगे।

हालांकि सीटों की संख्या के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी तय करेगी कि कितनी सीट होनी चाहिए। कांग्रेस गठबंधन की धुरी है। उन्होंने साफ किया कि पार्टी अस्तित्व से समझौता नहीं करेगी।

कांग्रेस देश के अंदर लड़ रही है। राहुल गांधी लगातार इस काम में लगे हुए हैं। मैं भी अपनी पार्टी के लिए काम कर रहा हूं। मैं समाजवादी पार्टी को कुछ नहीं कह रहा हूं।

यह भी पढ़ें- सिंगर अंकित बालियान की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई सामने, कुल 9 गोली लगी- 5 शरीर में ही फंसी